सेवा, संकल्प और जनभागीदारी से विकसित भारत-2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाएं-प्रभारी मंत्री
सेवा संकल्प अभियान बने जनसेवा का व्यापक आंदोलन, गांव से शहर तक दिखे अभियान का प्रभाव-प्रभारी मंत्री
17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता, पोषण एवं जनकल्याण पर रहेगा विशेष जोर
जनप्रतिनिधियों और आमजन की सहभागिता से अभियान को बनाएं प्रभावी-भाजपा जिलाध्यक्ष
कार्यक्रम केवल आयोजन तक सीमित न रहें, धरातल पर दिखाई दे सकारात्मक परिणाम-जिलाधिकारी
पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र -जनपद में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर, 2026 तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ प्रभावी एवं परिणामपरक बनाने के उद्देश्य से प्रभारी मंत्री एवं राज्य मंत्री, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग हंसराज विश्वकर्मा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में एमएलसी विनीत कुमार सिंह भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता जिलाधिकारी चर्चित गौड़ सहित जनप्रतिनिधिगण एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि सेवा संकल्प अभियान जनसेवा, जनकल्याण और जनभागीदारी का सशक्त माध्यम बने। अभियान का प्रभाव ग्राम पंचायत से लेकर नगरीय क्षेत्रों तक दिखाई देना चाहिए। केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाई जाए तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के लिए अधिकारी पूरी संवेदनशीलता एवं सक्रियता से कार्य करें।
उन्होंने निर्देशित किया कि अभियान के दौरान रक्तदान शिविर, दिव्यांगजन कल्याण शिविर, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य एवं पोषण गतिविधियां, शिक्षा एवं युवा संवाद, रोजगार एवं आजीविका से जुड़े कार्यक्रम तथा जनजागरूकता गतिविधियां सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित की जाएं। कार्यक्रमों में युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों, स्वयं सहायता समूहों, लाभार्थियों एवं आम नागरिकों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए। अभियान की कार्ययोजना में 17 सितम्बर से रक्तदान शिविर, दिव्यांग कैंप एवं विभिन्न जनसहभागिता कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं। प्रभारी मंत्री ने कहा कि शासन की योजनाओं से लोगों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव और सफलता की कहानियां भी अभियान की पहचान बनें। जनपद में हुए विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुचाया जाये। अभियान की रूपरेखा में भी योजनाओं और परियोजनाओं से हुए बदलाव तथा लाभार्थियों की सफलता की कहानियों को डिजिटल माध्यम से प्रसारित करने का प्रावधान है।
भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को व्यापक स्वरूप देने के लिए जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं आमजन की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए। गांव-गांव तक सेवा एवं जनकल्याण की भावना पहुंचे और केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं से पात्र लोगों को जोड़ने का प्रयास किया जाए। उन्होंने कहा कि अभियान ऐसा हो, जिसमें समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी दिखाई दे और सेवा का संदेश घर-घर तक पहुंचे।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अभियान के अंतर्गत निर्धारित कार्यक्रम केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित न रहें, बल्कि उनका सकारात्मक परिणाम धरातल पर दिखाई दे। सभी नोडल अधिकारी अपने विभाग से संबंधित गतिविधियों की तैयारी समय से पूर्ण करें तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यक्रमों में अधिक से अधिक लाभार्थियों एवं आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। अभियान के दौरान आयोजित गतिविधियों, लाभार्थियों की सफलता की कहानियों एवं विकास कार्यों को फोटो एवं वीडियो के माध्यम से भी प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने सेवा संकल्प अभियान की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली गतिविधियों, निर्धारित तिथियों, विभागवार दायित्वों एवं नोडल अधिकारियों की जिम्मेदारियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत ग्राम पंचायत, विकास खण्ड एवं जनपद स्तर पर स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, स्वच्छता, रोजगार, युवा सहभागिता, जनजागरूकता एवं जनकल्याण से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
प्रभारी मंत्री ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय एवं जनप्रतिनिधियों की सहभागिता के साथ अभियान को सफल बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सेवा की भावना और विकसित भारत-2047 का संकल्प जन-जन तक पहुंचे, यही अभियान की वास्तविक सार्थकता होगी। इस मौके पर विधायक सदर के प्रतिनिधि विकास मिश्रा, विधायक घोरावल के प्रतिनिधि सुरेन्द्र मौर्य, अपर जिलाधिकरी वि0/रा0 वागीश कुमार शुक्ला, जिला विकास अधिकारी हेमन्त कुमार सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया, अल्प संख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।


