मोटराइज्ड ट्राई साइकिल मिली तो छलक पड़े खुशी के आंसू, दिव्यांगजनों ने जताया शासन-प्रशासन का आभार

जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने संवेदनशीलता के साथ सुनी समस्या, तत्काल कराया समाधान

आवागमन की मुश्किल हुई आसान, अब आत्मनिर्भर होकर कर सकेंगे दैनिक कार्य

अजय प्रताप सिंह की पढ़ाई का रास्ता हुआ सुगम, नियमित कॉलेज जाने में मिलेगी सुविधा

एनटीपीसी के सीएसआर फंड से उपलब्ध कराई गई मोटराइज्ड ट्राई साइकिल
पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र -जनसुनवाई के दौरान अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे दिव्यांगजनों के लिए सोमवार का दिन उस समय यादगार बन गया, जब उनकी आवागमन की समस्या का तत्काल समाधान करते हुए उन्हें मोटराइज्ड ट्राई साइकिल उपलब्ध कराई गई। मोटराइज्ड ट्राई साइकिल मिलने पर दोनों दिव्यांगजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े। उन्होंने शासन एवं जिला प्रशासन के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए आभार जताया।
जनसुनवाई के दौरान अनपरा निवासी दिव्यांग असगर हुसैन पुत्र तबाम मालू हुसैन जिलाधिकारी महोदय के समक्ष उपस्थित हुए। उन्होंने बताया कि वे दोनों पैरों से दिव्यांग हैं और आने-जाने में उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि मोटराइज्ड ट्राई साइकिल उपलब्ध होने से वे अपने दैनिक कार्यों को अधिक सुगमता से कर सकेंगे तथा दूसरों पर उनकी निर्भरता भी कम होगी।
इसी प्रकार अजय प्रताप सिंह पुत्र लाल बहादुर सिंह, निवासी ग्राम भैंसवार, तहसील घोरावल ने जिलाधिकारी को बताया कि उन्होंने कृष्णा पी.जी. कॉलेज, राजगढ़, मिर्जापुर में प्रवेश लिया है। उनका कॉलेज घर से लगभग 15 किलोमीटर दूर है। आवागमन का साधन उपलब्ध न होने के कारण उन्हें कॉलेज आने-जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मोटराइज्ड ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, जिससे वे नियमित रूप से कॉलेज जाकर अपनी पढ़ाई जारी रख सकें।
दोनों दिव्यांगजनों की समस्याओं को जिलाधिकारी द्वारा गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ संज्ञान में लिया गया। आवश्यक कार्रवाई करते हुए दोनों को मोटराइज्ड ट्राई साइकिल उपलब्ध कराई गई। उक्त मोटराइज्ड ट्राई साइकिल एनटीपीसी के सीएसआर फंड के माध्यम से उपलब्ध कराई गई। मोटराइज्ड ट्राई साइकिल प्राप्त करते ही दोनों दिव्यांगजनों के चेहरे पर खुशी की मुस्कान आ गई। लंबे समय से आवागमन की समस्या से जूझ रहे दिव्यांगजनों के लिए यह क्षण बेहद भावुक था। उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। उन्होंने जिलाधिकारी एवं जिला प्रशासन के प्रति बार-बार कृतज्ञता व्यक्त की। दिव्यांगजनों ने कहा कि मोटराइज्ड ट्राई साइकिल मिलने से उनके लिए आवागमन काफी आसान हो जाएगा। वे अपने दैनिक कार्यों को अधिक स्वतंत्रता के साथ कर सकेंगे तथा अजय प्रताप सिंह अपनी पढ़ाई भी नियमित रूप से जारी रख सकेंगे। उन्होंने इस सहयोग के लिए शासन एवं जिला प्रशासन के प्रति विशेष आभार एवं कृतज्ञता व्यक्त की।
जनसुनवाई के दौरान घटित यह भावुक क्षण उपस्थित लोगों को भी भावुक कर गया। यह पहल दिव्यांगजनों को सुविधा प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भरता, सम्मान और स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ने का संबल प्रदान करने वाली रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *