लगातार बारिश से बढ़ा नदियों का जलस्तर, जिला प्रशासन अलर्ट

रिहंद बांध का एक गेट खुला, दूसरा खोलने की प्रक्रिया जारी; ओबरा बांध के तीन गेट 9 फीट तक खोला गया

तटीय और निचले इलाकों में विशेष सतर्कता, नदी-नालों से दूर रहने की अपील

पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र। जनपद में लगातार हो रही बारिश के कारण बांधों, नदियों और पहाड़ी जलधाराओं में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने संबंधित अधिकारियों को बांधों एवं नदियों के जलस्तर पर लगातार नजर रखने तथा तटीय और निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को समय रहते सतर्क करने के निर्देश दिए हैं। वर्तमान स्थिति में रिहंद बांध का एक गेट खोला जा चुका है, जबकि दूसरा गेट खोलने की प्रक्रिया जारी है। इसके बाद ओबरा बांध के तीन गेट 9 फीट तक खोला गया। इससे नदियों के जलस्तर और बहाव में वृद्धि होने की संभावना है। इसे देखते हुए नदी तटीय क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। संभावित बढ़े जलप्रवाह को लेकर प्रशासन की टीमें क्षेत्र में लोगों को लगातार जागरूक कर रही हैं। चकाड़ी में थाना प्रभारी ने स्थानीय नागरिकों के बीच पहुंचकर स्थिति की जानकारी दी और नदी तट, निचले इलाकों तथा तेज बहाव वाले स्थानों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि सोनभद्र की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए लगातार बारिश के दौरान पहाड़ी नालों और बरसाती जलधाराओं में अचानक पानी बढ़ सकता है। ऐसे में लोग किसी भी उफनते नाले, नदी अथवा तेज बहाव वाले रास्ते को पार करने का प्रयास न करें। बच्चों और पशुओं को भी नदी-नालों के आसपास न जाने दें। उन्होंने कहा कि जनपदवासियों की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है। जिला प्रशासन द्वारा स्थिति की सतत निगरानी की जा रही है और संबंधित विभागों को पूरी सतर्कता के साथ आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि वे अफवाहों से बचें, केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें तथा नदी-नालों और जलप्रवाह वाले क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। लगातार बारिश के दृष्टिगत सभी जनपदवासी विशेष सावधानी बरतें। नदी-नालों और तेज जलप्रवाह वाले क्षेत्रों से दूर रहें। सतर्कता और सावधानी ही सुरक्षा का सबसे प्रभावी उपाय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *