रेल कर्मचारी इंटर कॉलेज चोपनमें नवगठित विद्यालयप्रबंधन समिति के सदस्यों का भव्य स्वागत

विद्यालय की गरिमा को पुनः स्थापित किया जाएगा – अध्यक्ष
पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र – चोपन रेलवे कर्मचारी इंटर कॉलेज चोपन सोनभद्र में आज विद्यालय के लिए एक महत्वपूर्ण एवं उत्साहवर्धक अवसर रहा। रेलवे कर्मचारियों एवं रेलवे प्रशासन के सहयोग से गठित नव-विद्यालय प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों का विद्यालय परिवार द्वारा आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया गया। नवगठित विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रंजीत कुमार भारतीय रेलवे में यातायात सेवा के वरिष्ठ अधिकारी हैं। वे वर्तमान में मण्डल यातायात प्रबंधक चोपन के पद पर कार्यरत हैं । विद्यालय समिति के प्रबंधक उमेश कुमार सिंह सहित समिति के अन्य सम्मानित रेलवे अधिकारियों एवं सदस्यों का विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अरविंद कुमार सिंह एवं समस्त विद्यालय परिवार द्वारा पुष्पगुच्छ, पुष्पमाला एवं शॉल भेंट कर हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे। परिचय एवं स्वागत के पश्चात विद्यालय की वर्तमान स्थिति, शैक्षणिक गुणवत्ता, विद्यार्थियों की संख्या, बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम, अनुशासन, खेलकूद एवं विद्यालय के सर्वांगीण विकास सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। अपने विचारों को रखते हुए समिति के अध्यक्ष रंजीत कुमार ने कहा कि विद्यालय की गरिमा एवं प्रतिष्ठा को नई ऊँचाइयों तक ले जाने के लिए हम सभी कृत संकल्पित हैं। विद्यालय के शिक्षकों से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि विद्यालय की पहचान केवल भवन एवं सुविधाओं से नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उत्कृष्ट शिक्षक-प्रदर्शन से बनती है। इसके लिए विद्यालय में आवश्यक संरचना और संसाधन मुहैया कराए जाएंगे।
मौके पर प्रबंधक उमेश कुमार सिंह ने कहा कि नवगठित प्रबंधन समिति रेलवे कर्मचारी इंटर कॉलेज चोपन को पुनः क्षेत्र के एक प्रतिष्ठित, अनुशासित एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण संस्थान के रूप में स्थापित किया जाएगा। इसके लिए प्रबंधन समिति, प्रधानाचार्य समस्त शिक्षकगण एवं अभिभावकों के सामूहिक प्रयास से एक नई कार्यसंस्कृति विकसित करने पर जोर दिया जाएगा। इस अवसर पर यह लक्ष्य भी रखा गया कि आने वाले वर्षों में विद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या को उल्लेखनीय रूप से बढ़ाकर 1,000 से 1,500 तथा आगे चलकर लगभग 2,000 विद्यार्थियों तक पहुँचाया जाए।
शुक्रवार को आयोजित यह महत्वपूर्ण बैठक केवल एक औपचारिक स्वागत कार्यक्रम नहीं, बल्कि रेलवे कर्मचारी इंटर कॉलेज, चोपन के पुनर्निर्माण एवं पुनरुत्थान की दिशा में एक नई शुरुआत के रूप में देखी जा रही है । इस अवसर पर डॉ. अरविंद कुमार सिंह प्रधानाचार्य रेल कर्मचारी इंटर कॉलेज चोपन के अलावे नयी प्रबंधन कमेटी के
महेन्द्र प्रसाद, राकेश कुमार चौरसिया, अमरेंद्र कुमार, धीरेन्द्र महतो, आनंद कुमार चौरसिया, सूरज कुमार, मनीष कुमार, RP साह, कपिलदेव कुमार, इत्यादि लोग भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *