सोनभद्र से प्रयागराज तक हर्ष की लहर सनातनी किन्नर अखाड़ा में दुद्धी की किरण नंद जी का पट्टाभिषेक, मिली बड़ी जिम्मेदारी

प्रयागराज आश्रम में वैदिक विधि-विधान से संपन्न हुआ समारोह
पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र/प्रयागराज/पूर्वांचल की धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरा प्रयागराज स्थित सनातनी किन्नर अखाड़ा आश्रम से जनपद सोनभद्र (विशेषकर दुद्धी क्षेत्र) के लिए एक बेहद हर्षोल्लास और गौरवपूर्ण खबर सामने आई है। सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार, सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण एवं सामाजिक संवर्धन को नई गति देने के उद्देश्य से दुद्धी निवासी श्री श्री 1008 श्री किरण नंद जी का पूर्ण विधि-विधान पूर्वक पट्टाभिषेक संपन्न किया गया। प्रयागराज आश्रम में आयोजित इस भव्य धार्मिक समारोह में सनातन धर्म की प्रख्यात आचार्य महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 श्री कौशल्यानंद गिरी उर्फ टीना मां के कर-कमलों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के बीच पट्टाभिषेक की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके उपरांत उन्हें आधिकारिक नियुक्ति प्रमाण पत्र भी सौंपा गया। इस पावन अवसर पर आश्रम में उपस्थित साधु-संतों, बटुकों एवं अनुयायियों ने पुष्पवर्षा की और हर-हर महादेव व जय श्रीराम के जयकारों से पूरा परिसर गुंजायमान हो उठा। आपको बता दें कि श्री श्री 1008 किरण नंद वर्तमान में विश्व हिंदू महासंघ (काशी एवं प्रयागराज प्रमंडल) में क्षेत्रीय अध्यक्ष/महामंडलेश्वर के रूप में निरंतर धर्म सेवा और समाज कल्याण के कार्यों में समर्पित हैं। अब सनातनी किन्नर अखाड़ा द्वारा आधिकारिक दायित्व मिलने से उनके कंधों पर सनातन धर्म की समृद्ध परंपराओं, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों को जन-जन तक पहुँचाने की एक और बड़ी जिम्मेदारी आ गई है। दुद्धी की पावन भूमि से ताल्लुक रखने वाली किरण नंद जी को सनातनी किन्नर अखाड़ा में यह गरिमामय एवं महत्वपूर्ण स्थान मिलने से पूरे सोनभद्र जनपद और मुख्य रूप से दुद्धी क्षेत्र के धर्मप्रेमी नागरिकों, साधक-वर्ग और अनुयायियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।यह पूरे सोनभद्र क्षेत्र के लिए अत्यंत गौरव का क्षण है। किरण नंद का पट्टाभिषेक सनातन परंपरा को और मजबूती प्रदान करेगा। क्षेत्रीय धर्मप्रेमी एवं सामाजिक कार्यकर्ता विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उन्हें इस नई जिम्मेदारी के लिए बधाई व शुभकामनाएं प्रेषित की हैं तथा उनके सफल एवं उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *