गोरखपुर में धर्मशाला पुल के नीचे बनेगा वेंडिंग जोन
रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को मिलेगी व्यवस्थित जगह
पूर्वा टाइम्स- डॉ अनिल गौतम
गोरखपुर। नगर निगम ने धर्मशाला ओवरब्रिज के नीचे से असुरन तक विस्थापित रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने की दिशा में प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस योजना के तहत व्यवसायियों को निर्धारित शुल्क पर एक समान डिजाइन के आधुनिक कार्ट उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे बाजार व्यवस्थित और आकर्षक दिखाई देगा। नगर निगम और डूडा की संयुक्त टीम ने धर्मशाला पुल के नीचे से रेलवे कॉलोनी जाने वाले मार्ग तक लगभग 180 मीटर क्षेत्र का सर्वे किया। इस दौरान उपलब्ध भूमि, पहुंच मार्ग, यातायात व्यवस्था, पैदल यात्रियों की आवाजाही और अन्य आवश्यक सुविधाओं का विस्तृत निरीक्षण किया गया।
अधिकारियों के अनुसार सर्वे रिपोर्ट के आधार पर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इसके बाद यह तय होगा कि प्रस्तावित वेंडिंग जोन में कितने रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को व्यवस्थित रूप से स्थान दिया जाएगा। नगर निगम का मानना है कि इस पहल से मुख्य सड़कों पर अतिक्रमण कम होगा, ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होगी और फुटपाथ भी पैदल यात्रियों के लिए खाली रहेंगे।
योजना के लागू होने से न केवल रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को स्थायी और सुरक्षित स्थान मिलेगा, बल्कि शहर की यातायात व्यवस्था और बाजारों की सुंदरता में भी सुधार होगा। सर्वे के दौरान सहायक नगर आयुक्त सुरेंद्र प्रताप सिंह, सहायक अभियंता शैलेश कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।








