गोरखपुर पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल, चार सीओ के कार्यक्षेत्र बदले
एसएसपी डॉ. कौस्तुभ के आदेश पर नई तैनाती, कैण्ट, गीडा, खजनी और यातायात सर्किलों को मिले नए क्षेत्राधिकारी
गोरखपुर। पुलिस प्रशासन को और अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने राजपत्रित पुलिस अधिकारियों (क्षेत्राधिकारियों) के कार्यक्षेत्र में महत्वपूर्ण फेरबदल किया। जारी आदेश के अनुसार चार पुलिस उपाधीक्षकों (सीओ) के दायित्वों में बदलाव करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
प्रशासनिक आदेश के तहत कीर्ति निधि आनन्द, जो अब तक क्षेत्राधिकारी गीडा के पद पर कार्यरत थे, उन्हें अब क्षेत्राधिकारी कैण्ट बनाया गया है। वहीं आभा सिंह, जो अब तक क्षेत्राधिकारी कैण्ट के रूप में सेवाएं दे रही थीं, उन्हें क्षेत्राधिकारी गीडा का कार्यभार सौंपा गया है।
इसी क्रम में दीपांशी राठौर, जो अब तक क्षेत्राधिकारी यातायात के पद पर तैनात थीं, उन्हें क्षेत्राधिकारी खजनी नियुक्त किया गया है। वहीं मनीष शर्मा, जो अब तक क्षेत्राधिकारी खजनी के पद पर कार्यरत थे, उन्हें क्षेत्राधिकारी यातायात की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पुलिस विभाग की ओर से जारी इस प्रशासनिक फेरबदल को कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा पुलिस व्यवस्था में कार्यकुशलता बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। नए कार्यक्षेत्र मिलने के बाद सभी अधिकारी शीघ्र ही अपना कार्यभार ग्रहण करेंगे। पुलिस महकमे में हुए इस बदलाव को लेकर प्रशासनिक हलकों में दिनभर चर्चा का विषय बना रहा।








