बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत छात्र-छात्राओं को महिला एवं बाल सुरक्षा, अधिकारों और सरकारी योजनाओं के प्रति किया गया जागरूक

बाल विवाह, घरेलू हिंसा एवं साइबर अपराधों से बचाव की दी गई जानकारी, छात्र-छात्राओं को दिलाई गई बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की शपथ

पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो
सोनभद्र -जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के आदेश एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देशानुसार आज दिनांक 13 नवम्बर, 2026 को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत विकासखंड घोरावल स्थित एस.आर. इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिला कल्याण विभाग के हब फॉर इंपावरमेंट ऑफ वीमेन की जेंडर एक्सपर्ट साधना मिश्रा द्वारा छात्र-छात्राओं को महिला एवं बाल सुरक्षा, उनके अधिकारों तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम में बालक-बालिकाओं के अधिकारों, बाल विवाह की रोकथाम, घरेलू हिंसा से संरक्षण, लैंगिक समानता तथा महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया। साथ ही बाल अधिकार, साइबर सुरक्षा, नशे से बचाव तथा सुरक्षित एवं असुरक्षित व्यवहार के संबंध में भी विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।
इस अवसर पर शासन द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं के कल्याणार्थ संचालित मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, सखी निवास योजना, दत्तक ग्रहण इकाई एवं रानी लक्ष्मीबाई योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।
इसके अतिरिक्त वन स्टॉप सेंटर, महिला हेल्पलाइन 181 तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, महिला हेल्पलाइन 1090, साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं आपातकालीन सेवा 112 के संबंध में जानकारी देते हुए बताया गया कि किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न अथवा बाल विवाह की स्थिति में संबंधित विभाग एवं हेल्पलाइन के माध्यम से सहायता प्राप्त की जा सकती है।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय गोस्वामी, पूर्णिमा मौर्य, लक्ष्मीपति राव आडवाणी, अशोक कुमार सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *