बच्चों की आँखों की सुरक्षा के लिए निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन

गोरखपुर। वर्तमान समय में बच्चों द्वारा मोबाइल, टैबलेट और अन्य डिजिटल स्क्रीन का लगातार बढ़ता उपयोग उनकी आँखों के स्वास्थ्य के लिए चिंता का विषय बनता जा रहा है। लंबे समय तक स्क्रीन देखने से आँखों में थकान, सूखापन, सिरदर्द, धुंधला दिखाई देना, ध्यान केंद्रित करने में कठिनाई तथा कम उम्र में चश्मे की आवश्यकता जैसी समस्याएँ बढ़ रही हैं। इन्हीं समस्याओं के प्रति अभिभावकों को जागरूक करने तथा बच्चों की आँखों की समय पर जाँच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बच्चों की आँखों का निःशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजन किया गया।
शिविर का उद्घाटन मेयर डॉ मंगलेश श्रीवास्तव जी द्वारा किया गया।
शिविर में अनुभवी नेत्र रोग विशेषज्ञों द्वारा बच्चों की दृष्टि, चश्मे की आवश्यकता, भेंगापन, आलसी आँख (लेज़ी आई) तथा अन्य नेत्र रोगों की विस्तृत जाँच की गयी। आवश्यकता अनुसार उचित परामर्श एवं उपचार की सलाह भी दी गयी ।








