लटकते बिजली तारों से दहशत, नए पोल की मांग को लेकर एसडीओ को सौंपा ज्ञापन

गोरखपुर। बड़हलगंज उप नगर के वार्ड नंबर 14 स्थित मियां का हाता और धुनिया टोला के निवासियों ने नीचे लटक रहे बिजली के तारों और नए पोल लगवाने की मांग को लेकर बिजली विभाग के एसडीओ सुनील कुमार सोनी को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में निवासियों ने बताया कि मोहल्ले में बिजली के मुख्य तार काफी नीचे तक लटक रहे हैं। इससे राहगीरों और वाहनों के लिए हर समय हादसे का खतरा बना रहता है। कई स्थानों पर तार इतने नीचे आ चुके हैं कि करंट लगने या किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
निवासियों के अनुसार, तारों के बीच अधिक दूरी होने के कारण उनमें झोल आ गया है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए क्षेत्र में नए बिजली पोल लगाए जाना आवश्यक हैं, ताकि तारों को उचित ऊंचाई और मजबूती मिल सके।
क्षेत्रवासियों ने यह भी आशंका जताई कि बरसात और तेज हवाओं के मौसम में स्थिति और गंभीर हो सकती है। तारों के आपस में टकराने से स्पार्किंग, शॉर्ट सर्किट और आग लगने जैसी घटनाओं का खतरा बना हुआ है।
जनहित और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बिजली विभाग से मांग की गई है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द नए पोल लगवाकर लटकते तारों को दुरुस्त कराया जाए।
स्थानीय निवासी साहिल ने कहा कि मोहल्ले में छोटे-छोटे बच्चे खेलते रहते हैं और नीचे लटकते तारों की वजह से हर समय डर बना रहता है। बरसात के दिनों में यह खतरा और बढ़ जाता है, इसलिए विभाग को बिना देर किए कार्रवाई करनी चाहिए।
एक अन्य निवासी स्वयं गोंड ने कहा कि कई जगह तार इतने नीचे हैं कि निकलने में भी दिक्कत होती है। उन्होंने कहा कि अगर समय रहते नए पोल नहीं लगाए गए तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
ज्ञापन सौंपने वालों में समाज सेवी सूरज कुमार कसौधन व कृष्ण कुमार राय समेत वार्ड के अन्य निवासी शामिल रहे।








