अवैध कब्जे को लेकर डीएम से लगाई गुहार, जान से मारने की धमकी का आरोप
पूर्वा टाइम्स -बेचन शर्मा
सहजनवां गोरखपुर। सहजनवा तहसील क्षेत्र के ग्राम टडवां कला में एक महिला की खरीदी हुई जमीन पर दबंगों द्वारा अवैध कब्जा कर लिए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने जिलाधिकारी गोरखपुर को शिकायती पत्र सौंपकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम टडवां कला, पोस्ट रन्दौली उर्फ मटिया निवासी सावित्री देवी पत्नी राम ने डीएम को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उन्होंने 17 जून 2011 को अराजी संख्या 384छ, रकबा 0.0690 हेक्टेयर में से 1/3 भाग यानी 0.023 हेक्टेयर भूमि वैध रूप से क्रय की थी। आरोप है कि मन्जू देवी, पत्नी रामवृक्ष, मुख़्तार, सुदामा, पुत्रगण पुनन्न शिवकुमार पुत्र सुदामा बिमलेश पुत्र राम बृक्ष शनि पुत्र मुख्तार, चंद्रकला पत्नी मुख्तार, गुजराती पत्नी सुदामा आदि लोगों ने उनकी जमीन पर जबरन कब्जा कर लिया है। शिकायत में कहा गया है कि पैमाइश के दौरान लगाए गए सीमाकन्न पत्थरों को आरोपियों ने उखाड़कर फेंक दिया और बांस लगाकर जमीन को घेर लिया। इसके बाद उस पर ईंट-पत्थर रखकर कब्जा पक्का कर लिया गया।
सावित्री देवी का कहना है कि जब उन्होंने कब्जा हटाने की बात की तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने तहसील स्तर पर IGRS पोर्टल के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक सिर्फ औपचारिकता निभाई गई। जमीन का कब्जा आज तक नहीं दिलाया गया। प्रार्थना पत्र में सावित्री देवी ने जिलाधिकारी से विनम्र अनुरोध किया है कि मामले को संज्ञान में लेते हुए दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें उनकी बैनामाशुदा भूमि का कब्जा वापस मिल सके। प्रार्थना पत्र के साथ पूर्व में भेजे गए शिकायती पत्र व रसीद की छायाप्रति भी संलग्न की गई है।उल्लेखनीय है कि मामले से जुड़े कुछ पुराने आदेश/प्रतिवेदन भी संलग्न हैं, जिनमें 31.01.2023 और 02.01.2018 की तिथियों का उल्लेख है। इससे स्पष्ट है कि यह विवाद काफी समय से चला आ रहा है।
अब देखना यह है कि जिला प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और पीड़िता को उसका हक दिला पाता है या नहीं।








