भाई को चाकू गोदकर की निर्मम हत्या , मौसी से संबंध को लेकर हुआ विवाद


पूर्वा टाइम्स -बेचन शर्मा
सहजनवा गोरखपुर।गीडा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां गीड़ा थाना क्षेत्र के बनगांव गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां बीती रात चचेरे भाई ने अपने ही भाई पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान विजय पाल के रूप में हुई है, जबकि आरोपी चचेरे भाई का नाम विनय पाल बताया जा रहा है। घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी विनय पाल की मौसी से मृतक विजय पाल के संबंध होने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।
इसी विवाद ने बीती रात उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब दोनों के बीच कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि विनय पाल ने विजय पाल पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद परिवार के लोग आनन-फानन में घायल विजय पाल को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
विजय पाल की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही गीड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, इस मामले में पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।
फिलहाल, बनगांव गांव में हुई इस वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








