लखनऊ से आयी टीम ने मरीजों की सुविधाओं दवा भंडारण और ओटी व्यवस्था का लिया जायजा

पूर्वा टाइम्स -बेचन शर्मा

गोरखपुर। पीपीगंज स्थित नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का शुक्रवार को लखनऊ से आई स्वास्थ्य विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, दवा भंडारण व्यवस्था, मरीजों की जांच व उपचार प्रणाली सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया।टीम ने दवाओं के रखरखाव, उनके सुरक्षित भंडारण के साथ वितरण व्यवस्था की समीक्षा की। साथ ही अस्पताल में आने वाले मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सीय सुविधाओं, जांच सेवाओं व साफ-सफाई की स्थिति का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मरीजों से बातचीत कर उन्हें मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी भी प्राप्त की गई।स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ऑपरेशन थिएटर (ओटी) का भी निरीक्षण किया। इस दौरान ओटी में स्वच्छता, उपकरणों की उपलब्धता, संक्रमण नियंत्रण एवं कार्यप्रणाली का जायजा लेते हुए संबंधित स्वास्थ्यकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। टीम ने सभी व्यवस्थाओं को शासन की मंशा एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित करने पर विशेष जोर दिया।निरीक्षण के समय चिकित्सा अधिकारी डॉ. कृष्णानन्द, लैब टेक्नीशियन दिनेश चौरसिया, फार्मासिस्ट रेनू चौहान, स्टाफ नर्स शोभा चौधरी, दीपक चौधरी, दीपमाला, जया त्रिपाठी तथा वार्ड बॉय जितई व अन्य स्टाफ मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *