अवैध अस्पताल में प्रसूता की मौत मामले में बड़ी कार्रवाई, फरार आरोपियों पर ₹35 हजार का इनाम घोषित

पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र। कोन क्षेत्र स्थित अवैध रूप से संचालित ग्लोबल हॉस्पिटल में प्रसव के दौरान महिला की मौत के मामले में प्रशासन और पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। अस्पताल को सील कर दिया गया है, जबकि मामले में फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कुल ₹35 हजार का इनाम घोषित किया गया है।
जानकारी के अनुसार शनिवार को सीमा पत्नी देवनारायण, निवासी सोना सिंगा (पोस्ट बागेसोती, थाना कोन) को प्रसव पीड़ा होने पर कचनरवा पीएचसी लाया गया था। प्राथमिक जांच के बाद उन्हें एम्बुलेंस 108 से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कोन रेफर किया गया, लेकिन आरोप है कि एम्बुलेंस के ईएमटी द्वारा उन्हें निर्धारित अस्पताल के बजाय बिना पंजीकरण संचालित ग्लोबल हॉस्पिटल पहुंचा दिया गया। वहां ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत हो गई, जबकि नवजात सुरक्षित बताया गया।
घटना के बाद जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर उपजिलाधिकारी ओबरा विवेक कुमार सिंह, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. गुलाब शंकर यादव, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. कीर्ति आजाद बिन्द तथा क्षेत्राधिकारी कोन की संयुक्त टीम ने अस्पताल पहुंचकर जांच की। जांच में अस्पताल को अवैध रूप से संचालित पाया गया, जिसके बाद शनिवार को उसे तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
प्रशासन की ओर से अस्पताल संचालक नसीम अहमद के विरुद्ध मुकदमा अपराध संख्या 104/2026 में धारा 105, 318(4) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं धारा 34 राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कराई गई है।
प्रभारी निरीक्षक कोन अखिलेश कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक द्वारा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए नसीम अहमद पर ₹25,000 तथा उसकी सहयोगी सलमा पर ₹10,000 का इनाम घोषित किया है। पुलिस लगातार दोनों की तलाश में दबिश दे रही है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि आरोपियों के संबंध में कोई भी सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा तथा दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *