पटिया से बंद कुएं में अज्ञात शव मिलने से उठे सवाल, साजिश की आशंका, जांच में जुटी पुलिस.पूर्वा टाइम्स – समाचार सोनभद्र -चोपन थाना क्षेत्र के वार्ड 11 में बुधवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक ढके हुए कुएं में अज्ञात शव मिलने की सूचना सामने आई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध और सुनियोजित साजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, जिसे लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।मिली जानकारी के अनुसार, आसपास रहने वाले लोगों को पिछले दिनों तेज दुर्गंध महसूस हो रही थी। स्थानीय लोगों ने दुर्गंध की जानकारी कुएं के मालिक को दी, जिसके बाद आसपास के लोग बदबू के स्रोत की तलाश में जुट गए। खोजबीन के दौरान जब लोग कुएं के पास पहुंचे तो वहां से तेज दुर्गंध आने लगी। लोगों ने टॉर्च की रोशनी से कुएं के अंदर देखा तो एक शव पड़ा दिखाई दिया। इसके बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही चोपन पुलिस मौके पर पहुंच गईं । कुएं पर लगी पटिया हटाकर स्थिति का निरीक्षण किया गया। डाला नगर पंचायत कर्मचारियों और प्रशासन की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला गया। शव काफी हद तक सड़-गल चुका था, जिससे उसकी पहचान तत्काल नहीं हो सकी। हालांकि मृतक के जेब से मिला मोबाइल पुलिस के काम ज़रूर आ सकता है और शव की पहचान मोबाइल की मदद से हो सकती है। बरहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा उसकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। घटना को लेकर सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जब कुआं पहले से ढका हुआ था तो शव उसमें पहुंचा कैसे। स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी ने सुनियोजित तरीके से शव को कुएं में डालकर उसे ढक दिया होगा। इस आशंका को लेकर क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा शव की पहचान कराने का प्रयास जारी है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *