पटवध पेयजल योजना का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, लापरवाही पर सख्त चेतावनी. पूर्वा टाइम्स – समाचार जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने मंगलवार को पटवध पेयजल समूह योजना का औचक निरीक्षण कर पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्ट कहा कि जनपद में पेयजल आपूर्ति से जुड़ी किसी भी प्रकार की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, जल निगम एवं अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) को निर्देशित करते हुए कहा कि वे प्रतिदिन कम से कम 25 ग्रामों का भ्रमण कर पेयजल आपूर्ति की वास्तविक स्थिति का स्थलीय सत्यापन करें और इसकी दैनिक रिपोर्ट अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि निरीक्षण केवल औपचारिकता न रहे, बल्कि वास्तविक स्थिति का आंकलन कर समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। डीएम ने निर्देश दिया कि योजना के अंतर्गत प्रतिदिन 40 से 45 एमएलडी जलापूर्ति हर हाल में सुनिश्चित की जाए और इसकी नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने कहा कि पटवध पेयजल समूह योजना से जुड़े सभी गांवों में निर्बाध पेयजल आपूर्ति कराना शासन की प्राथमिकता है, इसलिए इसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता अत्यंत गंभीर मानी जाएगी। उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्था के डीसीएम/जीएम को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन मौके पर उपस्थित रहकर जलापूर्ति व्यवस्था की समीक्षा करें और जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाएं। साथ ही पाइपलाइन, पंपिंग और वितरण प्रणाली में किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या होने पर तत्काल समाधान सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि निरीक्षण या मॉनिटरिंग के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी और इसकी सूचना शासन को भेजी जाएगी। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) रोहित यादव, अधिशासी अभियंता जल निगम, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी संतपाल वर्मा, अपर जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी जय सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।









