कांग्रेस कार्यकर्ताओ ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा
खजनी तहसील में रसोई गैस सिलेंडर की कीमत पर प्रदर्शन
पूर्वा टाइम्स सत्य प्रकाश यादव

गोरखपुर।भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर खजनी तहसील क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं ने रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर की किल्लत और कालाबाजारी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार के विरोध में नारे लगाए।कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उप जिलाधिकारी खजनी राजेश प्रताप सिंह को मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में गैस एजेंसियों की मनमानी और रसोई गैस सिलेंडरों को अधिक मूल्य पर बेचने की शिकायत की गई। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी हो रही है, जिससे आम जनता परेशान है। लोग सुबह 3-4 बजे से ही गैस एजेंसियों पर पहुंचकर महंगे दामों में सिलेंडर खरीदने को मजबूर हैं।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार और स्थानीय प्रशासन जनता की समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहा है। उन्होंने बताया कि गरीब मजदूर और कम आय वाले परिवारों को भोजन बनाने के लिए लकड़ी और कोयले का उपयोग करना पड़ रहा है। छोटे चाय-नाश्ते की दुकान चलाने वाले और ठेले-खोमचे पर चाट-गोलगप्पे बेचने वाले दुकानदार भी रसोई गैस की कमी से जूझ रहे हैं, जिससे उनकी रोजी-रोटी पर संकट आ गया है।विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों ने रसोई गैस सिलेंडर की आपूर्ति व्यवस्था को तत्काल ठीक करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वे सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेंगे।इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी के जिला उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी 325 विधानसभा खजनी विक्रमादित्य, ब्लॉक अध्यक्ष सूर्य नारायण राव, बद्रीविशाल शुक्ला, ज्ञान नारायण शाह, मकबूल शाह, फूलचंद यादव, निसार अहमद, बलिराम, रामप्रीत, रमाशंकर, हरि विशाल तिवारी सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे। उप जिलाधिकारी ने कार्यकर्ताओं को रसोई गैस की आपूर्ति व्यवस्था सामान्य कराने का आश्वासन दिया।








