ओबरा डैम स्टेशन से नई साप्ताहिक एक्सप्रेस का शुभारंभ, सांसद के सामने उठी मजदूर व जनसमस्याओं का मुद्दा.

पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र -ओबरा डैम रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को धनबाद-लोकमान्य तिलक टर्मिनस साप्ताहिक एक्सप्रेस के शुभारंभ के अवसर पर भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भारत सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री सह राज्यसभा सांसद हरदीप सिंह पुरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनके प्रयासों से इस ट्रेन सेवा का संचालन संभव हो सका।
कार्यक्रम में रॉबर्ट्सगंज लोकसभा क्षेत्र के सांसद छोटेलाल खरवार की गरिमामयी उपस्थिति रही। स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों द्वारा सभी अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। यह ट्रेन सेवा धनबाद से लोकमान्य तिलक टर्मिनस तक साप्ताहिक रूप से संचालित होगी, जिससे खासकर मुंबई जाने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। इस दौरान सांसद छोटेलाल खरवार ने बताया कि उन्होंने इस ट्रेन को चलाने के लिए सदन में आवाज उठाई थी और लिखित रूप से भी मांग की थी। उन्होंने कहा कि मंत्री द्वारा आश्वासन दिया गया है कि कोरोना काल में बंद हुई अन्य ट्रेनों को भी जल्द पुनः संचालित किया जाएगा।
ओबरा परियोजना में कार्यरत मजदूरों के उत्पीड़न और समय से सैलेरी ना मिलने के सवाल पर सांसद ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है, लेकिन यदि शिकायत प्राप्त होती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, गर्मी के मौसम में ओबरा डैम स्टेशन पर पानी की समस्या पर उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों द्वारा लिखित शिकायत मिलने पर समाधान के प्रयास किए जाएंगे। ओबरा इंटर कॉलेज के निजीकरण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि इससे गरीब छात्रों को परेशानी हो रही है और भविष्य में या उनकी समाजवादी सरकार बनने पर हुए निजीकरण के फैसले पर पुनर्विचार किया जाएगा। सेक्टर 10 और स्टेशन जाने वाले रास्ते में रेल लाइन पार करने के लिए बनी पुलिया हुई क्षतिग्रस्त के संबंध में भी उन्होंने रेलवे से चर्चा कर समाधान निकालने का आश्वासन दिया। सांसद ने मीडिया की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय मुद्दों को उठाने में मीडिया की भूमिका अहम है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे और इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *