चोपन में सिलाई-कॉस्मेटिक की दुकान में लगी आग, करीब दो लाख का नुकसान.
पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो
सोनभद्र -चोपन थाना क्षेत्र के अग्रवाल मार्केट में सोमवार को एक सिलाई और कॉस्मेटिक की दुकान में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने के समय दुकानदार का परिवार उसी कमरे में मौजूद था। समय रहते परिवार के सभी सदस्य बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना में दुकानदार के अनुसार करीब दो लाख रुपये से अधिक का सामान जलकर नुकसान हुआ है। बताया गया कि दुकान में सिलाई के बटन, धागा और अन्य कच्चा सामान रखा था। इसके साथ ही कॉस्मेटिक सामग्री की भी बिक्री की जाती थी।
प्रारंभिक तौर पर पूजा के दौरान जलाए गए दीपक से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। वहीं शॉर्ट सर्किट की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। आग लगने के बाद दुकान मालिक बीरेंद्र शर्मा उर्फ पप्पू और उनके परिवार के साथ आसपास के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कुछ देर बाद चोपन फायर सर्विस की दमकल टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग की लपटों और धुएं को देखकर आसपास के लोगों और राहगीरों की भीड़ मौके पर जुट गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी चोपन गोपालजी गुप्ता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरिक्षण कर आवश्यक निर्देश देते नजर आये और घटना की बारीकीयों से जानकारी ली। एलएफएम अनिल कुमार सिंह, चोपन फायर सर्विस ने बताया कि पूजा के दौरान आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल टीम मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। उन्होंने बताया कि आग पूरी तरह बुझा दी गई है और परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं।
पीड़ित दुकानदार बीरेंद्र शर्मा ने बताया कि पूजा करने के दौरान आग लगी। उस समय पूरा परिवार दुकान वाले कमरे में ही मौजूद था। आग फैलने पर सभी लोग समय रहते बाहर निकल आए। उन्होंने बताया कि घटना में लगभग दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है। दुकान के लिए बैंक से लोन भी लिया गया था। आग से दुकान में रखा सिलाई और कॉस्मेटिक का सामान जलकर खराब हो गया। पुलिस और फायर सर्विस की टीम ने आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान का आकलन संबंधित स्तर से किया जा रहा है।


