राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावासों में प्रवेश हेतु मूल अभिलेखों का मिलान एवं साक्षात्कार 01 एवं 03 अक्टूबर को

राजकीय छात्रावासों में प्रवेश के पात्र छात्र-छात्राएं निर्धारित तिथि पर अनिवार्य रूप से हों उपस्थित

पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो
सोनभद्र – ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया, जिला समाज कल्याण अधिकारी, सोनभद्र ने अवगत कराया है कि समाज कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा संचालित राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावासों में शासनादेशानुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 में छात्र-छात्राओं के प्रवेश हेतु ऑनलाइन पोर्टल विकसित किए गए हैं। जनपद सोनभद्र में अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं सामान्य वर्ग के छात्रों हेतु राजकीय अनुसूचित जाति (बालक) छात्रावास, विचपई, रावर्ट्सगंज तथा छात्राओं हेतु राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावास (बालिका), उरमौरा, रावर्ट्सगंज में आवासीय सुविधा उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि उक्त छात्रावासों में रहने के इच्छुक जिन छात्र-छात्राओं द्वारा ऑनलाइन आवेदन जमा किया गया है तथा संस्था स्तर से सत्यापन के उपरांत जिनके आवेदन पात्र पाए गए हैं, उनके मूल अभिलेखों का मिलान एवं साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा। राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावास (बालिका), उरमौरा, रावर्ट्सगंज के लिए दिनांक 01 अक्टूबर, 2026 तथा राजकीय अनुसूचित जाति (बालक) छात्रावास, विचपई, रावर्ट्सगंज के लिए दिनांक 03 अक्टूबर, 2026 को प्रातः 10:00 बजे मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग सेन्टर, पंचायत रिसोर्स सेन्टर, विकास भवन, लोढ़ी, सोनभद्र में मूल अभिलेखों का मिलान एवं साक्षात्कार आयोजित किया गया है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने सभी पात्र एवं प्रवेश हेतु इच्छुक छात्र-छात्राओं को निर्देशित किया है कि वे निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर अपने मूल अभिलेखों के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित होना सुनिश्चित करें। निर्धारित समय पर उपस्थित न होने की दशा में छात्रावास में प्रवेश हेतु उनके आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *