ओबरा स्वच्छता और आस्था की अनूठी पहल प्रभु श्री राम सेवा समिति द्वारा पूजा सामग्री संकलन वाहन अभियान का भव्य शुभारंभ
संरक्षक बाबूराम सिंह ने हरी झंडी दिखाकर सेवा वाहन को किया रवाना फूल-पत्ती, मूर्ति व पूजा-वस्त्र इधर-उधर न फेंकने की अपील
भोला प्रसाद गुप्ता
सोनभद्र -ओबरा धार्मिक आस्था और पर्यावरण संरक्षण के बीच एक बेहद प्रेरणादायी संतुलन स्थापित करते हुए ओबरा क्षेत्र की अग्रणी सामाजिक संस्था प्रभु श्री राम सेवा समिति द्वारा एक नई और अनूठी सेवा की शुरुआत की गई है। समिति द्वारा प्रत्येक शनिवार को हनुमान मंदिर प्रांगण में आयोजित होने वाले साप्ताहिक महाप्रसाद भंडारे के साथ-साथ अब नगरवासियों के लिए विशेष पूजा सामग्री संकलन वाहन अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया गया है। इस अभियान के तहत समिति का सेवा वाहन प्रत्येक रविवार को घर-घर पहुंचकर लोगों से पुरानी व निर्माल्य पूजा सामग्री का संकलन करेगा, ताकि धार्मिक पवित्रता बनाए रखते हुए उसका उचित एवं पर्यावरण-अनुकूल निस्तारण (भूमि समाधि/विसर्जन) किया जा सके।
इस पर्यावरण-हितैषी व धार्मिक अभियान का शुभारंभ गरिमामयी माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, समिति के वरिष्ठ संरक्षक एवं संस्था के संस्थापक के पूज्य पिताजी बाबूराम सिंह द्वारा हरी झंडी दिखाकर संकलन वाहन को नगर भ्रमण के लिए रवाना किया गया। इस दौरान उपस्थित प्रबुद्धजनों ने समिति की इस अभिनव पहल की जमकर सराहना की।
समिति की ओर से इस जन-अभियान के प्रचार हेतु जारी जागरूकता पंक्तियों ने ओबरा वासियों का विशेष ध्यान आकर्षित किया है। सुनो-सुनो, ध्यान से सुनो, सनातन प्रेमियों, बात हमारी सुनो! हर रविवार वाहन आएगा, पूजा सामान लेकर जाएगा।फूल-पत्ती, मूर्ति या पूजा-वस्त्र, धूप-अगरबत्ती और अन्य सामग्री—इधर-उधर अब मत फेंकना, सेवा वाहन में सम्मान से देना।स्वच्छ रहे अपना नगर महान, पूजा सामग्री का रखें सम्मान। प्रभु श्री राम सेवा समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि अक्सर घरों में पूजा-पाठ के बाद बची हुई पवित्र पूजन सामग्रियां—जैसे सूखे फूल-पत्ती, पुरानी मूर्तियां, पूजा के वस्त्र, धूप-अग्रबत्ती के अवशेष आदि—अनजाने में इधर-उधर कचरे में या नालियों में चले जाते हैं, जिससे धार्मिक आस्था को गहरी ठेस पहुंचती है।
इस समस्या का स्थाई समाधान निकालते हुए समिति ने यह निर्णय लिया है कि हर रविवार एक विशेष सेवा वाहन ओबरा नगर के विभिन्न मोहल्लों और घरों से संपर्क करेगा। नागरिक अपनी पुरानी पूजन सामग्री को इधर-उधर फेंकने के बजाय इस वाहन में पूरे आदर और सम्मान के साथ दे सकेंगे। एकत्रित की गई समस्त पवित्र सामग्री को शास्त्रों के विधान के अनुसार भूमि में समाधिस्थ किया जाएगा।प्रभु श्री राम सेवा समिति ने ओबरा नगर के सभी प्रबुद्ध नागरिकों, मातृशक्ति और सनातन प्रेमियों से अपील की है कि वे इस पवित्र अभियान में बढ़-चढ़कर अपनी सहभागिता निभाएं। अपने शहर को स्वच्छ, सुंदर और पॉलीथिन-मुक्त बनाने के साथ-साथ अपनी आस्था का पूर्ण सम्मान करने में समिति का भरपूर सहयोग करें।


