शाहगंज में 6 क्विंटल 25 किलो गांजा बरामद, ओडिशा के दो तस्कर गिरफ्तार.
पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन शुद्धि’ के तहत शाहगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 क्विंटल 25 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 10 लाख रुपये है। मौके से गांजा परिवहन में प्रयुक्त छह पहिया टाटा कंटेनर, दो मोबाइल फोन और 10 हजार रुपये नकद भी बरामद हुए। कुल बरामदगी की अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 30 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार 23/24 सितंबर की रात शाहगंज पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एसओजी प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा को सूचना मिली कि ग्राम जैत से पहले एक संदिग्ध कंटेनर को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर शाहगंज की ओर भाग निकला। सूचना के बाद पुलिस टीम ने रॉबर्ट्सगंज-घोरावल मार्ग पर गौरीशंकर मंदिर के आगे पुलिया के पास चेकिंग शुरू कर दी। पुलिस को देखते ही कंटेनर चालक ने पुलिया से पहले वाहन खड़ा कर दिया और उसमें सवार दोनों लोग भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर करीब 3:05 बजे नहर के भीटे के पास दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम दिलीप कुमार देहुरी और संतोष कुमार साहू बताया। कंटेनर की तलाशी में पीछे से वाहन खाली दिखाई दिया, लेकिन आगे की तरफ लोहे की चादर से वेल्डिंग कर विशेष केबिन बनाया गया था। पुलिस के अनुसार दिलीप कुमार की निशानदेही पर केबिन खुलवाने पर उसमें छिपाकर रखा 625 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार दोनों आरोपी ओडिशा के ढेनकनाल जिले के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे कटक, ओडिशा के एक व्यक्ति के लिए गांजा परिवहन करते थे। उसी व्यक्ति ने कंटेनर में विशेष केबिन तैयार कराकर उसमें गांजा लोड कराया था। पुलिस के अनुसार गांजा मिर्जापुर के एक व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था। इस मामले में थाना शाहगंज में मु.अ.सं.-101/2026, धारा 8/20/27ए/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। कंटेनर को एनडीपीएस एक्ट की धारा 60 और एमवी एक्ट की धारा 207 के तहत सीज किया गया है। पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिलीप कुमार देहुरी (36) और संतोष कुमार साहू (42) के रूप में हुई है। कार्रवाई एसओजी प्रभारी रामस्वरूप वर्मा, शाहगंज थानाध्यक्ष मानवेंद्र सिंह और पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से की।


