ओबरा में पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, काली फिल्म व ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई.
पूर्वा टाइम्स -भोला प्रसाद गुप्ता
सोनभद्र – ओबरा मे अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपना रही है। इसे लागू करने के लिए सोनभद्र पुलिस प्रशासन सख्त है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले भर में अपराध रोकने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार अभियान और फ्लैग मार्च चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में ओबरा थाना क्षेत्र में डिग्री कॉलेज चौराहे से हनुमान मंदिर परिसर तक चेकिंग अभियान चलाया गया। क्षेत्राधिकारी (सीओ) प्रभात राय और ओबरा थाना प्रभारी नागेश कुमार सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम ने मौके पर रहकर जांच की।
अभियान के दौरान सीओ प्रभात राय ने आम लोगों और राहगीरों से बात की। उन्होंने बताया कि पुलिस की यह कार्रवाई सिर्फ जनता की सुरक्षा और शांतिपूर्ण माहौल के लिए है। इसलिए किसी को डरने की जरूरत नहीं है। इस दौरान चौराहे और तिराहे से गुजरने वाले हर संदिग्ध वाहन और चालक की जांच हुई। चार पहिया वाहनों की खिड़कियों पर लगी काली फिल्मों को पुलिसकर्मियों ने मौके पर ही उतरवाया और चालान काटे। ट्रिपल राइडिंग, बिना हेलमेट और यातायात नियम तोड़ने वालों पर भी कार्रवाई की गई। पुलिस की इस कार्रवाई से नियम तोड़ने वालों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया। वहीं, स्थानीय नागरिकों और राहगीरों में सुरक्षा और पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा।


