निवेश की नई उड़ान भरेगा सोनभद्र, जी0बी0सी0 5.0 में रूपये 20 हजार करोड़ का लक्ष्य

रूपया 14,612 करोड़ के निवेश प्रस्तावों के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ा जनपद, 33 परियोजनाओं से लगभग 4,068 लोगों को रोजगार

शेष रूपया 5,388 करोड़ के निवेश प्रस्तावों के लिए विभागवार लक्ष्य तय, पर्यटन से स्वास्थ्य एवं डेयरी तक खुलेंगे निवेश के नए द्वार

निवेश प्रस्तावों को तेजी से धरातल पर उतारें, उद्योगों के साथ बढ़ेंगे रोजगार के अवसर-जिलाधिकारी

पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र। जनपद को निवेश, उद्योग और रोजगार के नए केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के अंतर्गत ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (जी0बी0सी0) 5.0 को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में निवेश प्रस्तावों की प्रगति की समीक्षा करते हुए शेष लक्ष्य की प्राप्ति के लिए विभागवार जिम्मेदारी तय की गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि जी0बी0सी0 5.0 के लिए सोनभद्र को रूपया 20,000 करोड़ के निवेश प्रस्तावों का लक्ष्य दिया गया है। इसके सापेक्ष अब तक 33 परियोजनाओं के माध्यम से रूपया 14,612 करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। इन परियोजनाओं से लगभग 4,068 लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं। अब शेष रूपया 5,388 करोड़ के निवेश प्रस्तावों को प्राप्त करने की दिशा में तेजी से कार्य किया जाएगा।
शेष लक्ष्य की पूर्ति के लिए जिलाधिकारी ने विभागवार लक्ष्य निर्धारित करते हुए पर्यटन विभाग को रूपया 1,040 करोड़, प्रदूषण नियंत्रण से संबंधित क्षेत्र को रूपया 1,000 करोड़, राइस मिल के लिए रूपया 200 करोड़, नई डेयरी इकाइयों की स्थापना के लिए रूपया 200 करोड़, पेट्रोल पम्प से संबंधित निवेश के लिए रूपया 500 करोड़, नए नर्सिंग होम एवं स्वास्थ्य संबंधी संस्थानों के लिए रूपया 500 करोड़ तथा आबकारी विभाग को रूपया 200 करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त करने का लक्ष्य दिया। अन्य संबंधित विभागों को भी उनकी संभावनाओं के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित किए गए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि केवल एमओयू तक सीमित न रहकर निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने पर विशेष ध्यान दिया जाए। संभावित निवेशकों से निरंतर संवाद एवं समन्वय स्थापित कर निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप एमओयू हस्ताक्षर कराने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। निवेशकों को आवश्यक विभागीय सहयोग उपलब्ध कराते हुए प्रक्रियाओं को सुगम बनाया जाए।
उन्होंने कहा कि सोनभद्र में रूपया 20 हजार करोड़ के निवेश लक्ष्य की प्राप्ति जनपद के औद्योगिक विकास को नई गति देगी। नए उद्योग एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठान स्थापित होने से स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होने के साथ युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त सम्बन्धित अधिकारी को निर्देशित किये है कि जिनके स्तर से निवेशकों को एन0ओ0सी0 जारी होती है या विभागों से लाभ प्राप्त किये है उन लाभार्थियों को निवेश सारर्थी पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराना सुनिश्चित करें।
बैठक में उपायुक्त उद्योग विनोद कुमार चौधरी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी अजय कुमार मिश्रा, पर्यटन अधिकारी राजेश भारती, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, उद्यमी मित्र नितिन प्रकाश सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *