सोनभद्र हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत सीआईएसएफ ओबरा ने निकाली भव्य मोटरसाइकिल रैली

कमांडेंट सतीश कुमार सिंह के नेतृत्व में बल के जवानों ने ओबरा नगर में देशभक्ति का अलख जगाया

पूर्वा टाइम्स – समाचार सोनभद्र – ओबरा राष्ट्रप्रेम और स्वाभिमान के प्रतीक हर घर तिरंगा अभियान-2026 के अंतर्गत केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) इकाई ओटीएचपीपी ओबरा द्वारा एक भव्य एवं ऐतिहासिक मोटरसाइकिल रैली का आयोजन किया गया। यह प्रेरणादायक रैली सीआईएसएफ इकाई के कमांडेंट सतीश कुमार सिंह के कुशल नेतृत्व में निकाली गई।
मोटरसाइकिल रैली का शुभारंभ इकाई के आवासीय परिसर से हुआ। इसके बाद रैली सीटीपीएस गेट, गांधी मैदान, हनुमान मंदिर तिराहा, सुदामा पाठक चौराहा से होते हुए शारदा मंदिर तक पहुँची। तत्पश्चात वीआईपी रोड और परियोजना अस्पताल ओबरा होते हुए पुन पारिवारिक आवासीय परिसर में आकर रैली का गरिमामयी समापन हुआ। रैली के दौरान सीआईएसएफ के बल सदस्यों का उत्साह देखने लायक था। हाथों में गर्व से लहराता राष्ट्रध्वज तिरंगा थामे और भारत माता के वीर सपूतों के बलिदान को याद करते हुए जब जवानों ने जयकारे लगाए, तो संपूर्ण ओबरा बाजार देशभक्ति के ओजस्वी स्वर से गुंजायमान हो उठा। इस भव्य मोटरसाइकिल रैली में सीआईएसएफ के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मुख्य रूप से सादा राम यादव (उप कमांडेंट/अग्नि),
आनंद कुमार नारा (सहायक कमांडेंट), जी. टोप्पो (सहायक कमांडेंट), महेश सिंह यादव (निरीक्षक/कार्य), राकेश कुमार (निरीक्षक/अग्नि), शैलेश कुमार सिंह (निरीक्षक/लिपिक),सहित इकाई के सैकड़ों बल सदस्यों ने पूरी अनुशासित भावना और निष्ठा के साथ सहभागिता की। इस आयोजन की विशेष बात यह रही कि सीआईएसएफ जवानों के साथ-साथ क्षेत्र के आम जनमानस एवं नागरिकों ने भी पूरे उत्साह के साथ अपनी सहभागिता दर्ज कराई। स्थानीय लोगों ने जगह-जगह रैली का स्वागत किया। इस मोटरसाइकिल रैली के माध्यम से आम नागरिकों को 09 से 15 अगस्त तक अपने-अपने घरों व संस्थानों पर तिरंगा फहराने और हर घर तिरंगा अभियान-2026 को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *