तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला का सोनभद्र दौरा, श्रद्धांजलि सभा में हुए शामिल.पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र -तेलंगाना के महामहिम राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला शनिवार को सोनभद्र के भ्रमण पर पहुंचे। जनपद आगमन पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने उनका स्वागत किया। राज्यपाल के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा समेत सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार महामहिम राज्यपाल सबसे पहले रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के ग्राम एवं पोस्ट तेंदू स्थित श्री रमेश मिश्रा के आवास पहुंचे। इसके बाद वह डाला स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट गेस्ट हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने अल्प विश्राम किया। इसके पश्चात राज्यपाल कोन क्षेत्र के ग्राम एवं पोस्ट चाचीकला स्थित श्री रमेश चंद्र चतुर्वेदी के आवास पर आयोजित स्वर्गीय जय प्रकाश चतुर्वेदी की श्रद्धांजलि सभा एवं ब्रह्मभोज कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने स्वर्गीय जय प्रकाश चतुर्वेदी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। स्वर्गीय जय प्रकाश चतुर्वेदी पूर्व संगठन मंत्री एवं उत्तर प्रदेश विधान परिषद के पूर्व सदस्य रहे हैं। श्रद्धांजलि सभा के दौरान राज्यपाल ने दिवंगत आत्मा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी चर्चित गौड़, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा सहित अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे। प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने राज्यपाल के कार्यक्रम को लेकर निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत व्यवस्थाएं संभालीं।
श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने के बाद महामहिम राज्यपाल रॉबर्ट्सगंज स्थित कैथी मारकंडेय महादेव मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान शिव के दर्शन-पूजन किए और विधिवत पूजा-अर्चना की। मंदिर में दर्शन के दौरान उन्होंने क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की। दर्शन-पूजन के पश्चात राज्यपाल रॉबर्ट्सगंज स्थित सर्किट हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने कुछ समय विश्राम किया। इसके बाद निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह वाराणसी के लिए रवाना हो गए। राज्यपाल के जनपद भ्रमण के दौरान जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई। कार्यक्रम स्थलों और आवागमन के मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। अधिकारियों ने राज्यपाल के पूरे भ्रमण कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया।









