पुलिस की छापेमारी में जाइलो कार से 180 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार.पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र जनपद में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अनपरा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 180 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में तस्करी में इस्तेमाल की गई महिंद्रा जाइलो कार, नकदी और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 5.35 लाख रुपये है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण में की गई। प्रभारी निरीक्षक अनपरा प्रणन प्रसून श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम 1 अगस्त को क्षेत्र में गश्त और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ग्राम करहिया स्थित सद्दाम के बंद ईंट-भट्ठे के पास सड़क किनारे खड़ी एक महिंद्रा जाइलो कार (WB02AE2672) संदिग्ध अवस्था में मिली। पुलिस ने कार को घेरकर चालक से पूछताछ की और उसकी तलाशी ली। कार की मध्य सीट और डिग्गी से 20 कार्टून बरामद हुए। इन कार्टूनों में गोवा ब्रांड व्हिस्की की 180 एमएल क्षमता वाली कुल 1000 बोतलें थीं, जिनकी कुल मात्रा 180 लीटर है। सभी बोतलों पर “FOR SALE IN MADHYA PRADESH ONLY” अंकित था। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मकबूल खान पुत्र मो. मजीबुल्ला, निवासी ग्राम कुर्ल्डीह, थाना सनावल, जनपद बलरामपुर (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है। पूछताछ में मकबूल ने बताया कि वह यह शराब मध्य प्रदेश के शक्तिनगर बॉर्डर स्थित सरकारी दुकान से खरीदकर छत्तीसगढ़ में अधिक कीमत पर बेचने के लिए ले जा रहा था। उसने यह भी बताया कि बरामद जाइलो कार पश्चिम बंगाल से खरीदी गई है, जिसका स्वामित्व हस्तांतरण अभी नहीं हुआ है। पुलिस ने आरोपी मकबूल खान के खिलाफ थाना अनपरा में मु.अ.सं. 172/2026 के तहत धारा 60/63 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया है। वाहन के संबंध में धारा 72 आबकारी अधिनियम के तहत एक अलग रिपोर्ट जिला मजिस्ट्रेट को भेजी जा रही है। बरामदगी में 180 लीटर अंग्रेजी शराब, महिंद्रा जाइलो कार, 1,000 रुपये नकद और एक ओप्पो एंड्रॉयड मोबाइल फोन शामिल हैं। विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया है। सोनभद्र पुलिस ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध यह अभियान लगातार जारी रहेगा।









