सोनभद्र विंध्य की गोद में सेवा व समरसता की अनूठी मिसाल श्री राम सेवा समिति के अनवरत भंडारे का 1 वर्ष पूरा होने की ओर
ओबरा के सिद्ध पीठ हनुमान मंदिर में श्री श्री 1008 श्री महामंडलेश्वर मां किरणनंद गिरी जी की उपस्थिति में आयोजित हुआ भव्य खीर वितरण
किन्नर अखाड़ा की महामंडलेश्वर मां ने बजरंगबली को भोग लगाकर भक्तों को दिया आशीर्वाद खीर प्रसाद पाने उमड़ा जनसैलाब
बिना रुके, बिना थके लगभग 1 वर्ष से जारी खिचड़ी भंडारा बना समानता, प्रेम और निस्वार्थ जन-सेवा का प्रतीक
पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र -ओबरा सोनभद्र उत्तर प्रदेश के दक्षिण-पूर्वी छोर पर विंध्य और कैमूर पर्वत श्रृंखलाओं की गोद में बसा सोनभद्र भारत का एक अनूठा एवं ऐतिहासिक जिला है। चार राज्यों (मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार) की सीमाओं को स्पर्श करने वाले इस प्राकृतिक व भूगर्भीय संपन्न जिले का ओबरा क्षेत्र इन दिनों धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक चेतना का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। ओबरा नगरी के सुभाष चौराहा स्थित ऐतिहासिक सिद्ध पीठ हनुमान मंदिर में श्री राम सेवा समिति द्वारा पिछले लगभग एक वर्ष से प्रत्येक शनिवार को खिचड़ी का विशाल भंडारा आयोजित किया जाता रहा है। इसी निरंतर सेवा और सावन माह की पावन परंपरा के क्रम में 1 अगस्त 2026 को समिति द्वारा भव्य खीर वितरण कार्यक्रम का आयोजन अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। इस पावन अवसर पर प्रयागराज स्थित सनातनी किन्नर अखाड़ा आश्रम तथा विश्व हिंदू महासंघ (काशी एवं प्रयागराज) की क्षेत्रीय अध्यक्ष श्री श्री 1008 श्री महामंडलेश्वर मां किरणनंद गिरी जी का गरिमामय आगमन हुआ। उन्होंने मंदिर प्रांगण में पूर्ण विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर महाबली बजरंगबली को खीर का भोग अर्पित किया। इसके पश्चात उन्होंने क्षेत्रवासियों के कल्याण, सुख-समृद्धि एवं सनातन धर्म के संरक्षण के लिए प्रार्थना की। महामंडलेश्वर मां जी ने कहा का जो प्रभु राम का नहीं हुआ, वह किसी काम का नहीं हुआ। श्री राम सेवा समिति का यह निस्वार्थ सेवा भाव अत्यंत सराहनीय है। बजरंगबली की असीम कृपा से यह सेवा कार्य अनवरत चलता रहे, यही मेरा आशीर्वाद है। किन्नर अखाड़ा की महामंडलेश्वर मां के आगमन से स्थानीय भक्तों में अपार उत्साह देखने को मिला। उन्होंने स्वयं अपने कर-कमलों से श्रद्धालुओं को खीर का प्रसाद वितरित किया तथा फल-फूल देकर आशीर्वाद प्रदान किया। पूज्य माता जी का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लग गया, जिसके चलते कुछ समय के लिए मुख्य मार्ग पर यातायात की गति भी धीमी पड़ गई। श्री राम सेवा समिति के संस्थापक/पत्रकार अजीत सिंह उन्होंने किन्नर संत समाज का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अर्धनारीश्वर शक्तियों का वरदान भगवान भोलेनाथ का साक्षात आशीर्वाद है। प्रत्येक नागरिक को ऐसे पूज्य संतों का सानिध्य प्राप्त करना चाहिए। संरक्षक ओमप्रकाश सिंह उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि महामंडलेश्वर मां जी तथा विश्व हिंदू महासंघ सोनभद्र किन्नर प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष राधानंद गिरी के आगमन से समिति के सभी सदस्यों का मनोबल और बढ़ा है। सेवा का यह संकल्प आगे भी निरंतर जारी रहेगा। राम नाम का दीप जलाकर, सेवा का संकल्प उठाया है, त्याग, समर्पण, निस्वार्थ भाव से, जन-जन को अपनाया है। इसी पावन विचार को धरातल पर उतारते हुए श्री राम सेवा समिति ने जिस अटूट समर्पण के साथ जन-सेवा का मार्ग चुना था, आज उस पुण्य यात्रा का 1 वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण होने को है। एक वर्ष की यह तपस्या, बिना रुके, बिना थके चल रही, खिचड़ी खीर हलुआ के इस पावन प्रसाद में, प्रभु राम की कृपा है पल रही। भेदभाव को दूर भगाकर, सबको एक पंगत में बिठाया है, समिति ने इस समाज में, इंसानियत का सच्चा धर्म निभाया है।यह अनवरत खिचड़ी भंडारा केवल पेट भरने का साधन नहीं, बल्कि समाज में समानता, प्रेम और सद्भाव बाँटने का एक पावन जरिया बन चुका है। यह एक साल की निरंतर यात्रा इस बात का जीवंत प्रमाण है कि जब इरादे नेक हों और नियत में प्रभु राम की भक्ति हो, तो राह के कांटे भी फूल बन जाते हैं और साधन अपने आप बनते चले जाते हैं। श्री राम सेवा समिति के हर एक सदस्य, दानदाताओं और निःस्वार्थ भाव से लगे सभी कार्यकर्ताओं को उनके इस त्याग और एक वर्ष के सफल कार्यकाल पर हार्दिक बधाई एवं साधुवाद! जिन्होंने अपने व्यस्त जीवन से समय निकालकर प्रभु सेवा को सर्वोपरि रखा।प्रभु श्री राम की कृपा रहे, यह सेवा रथ कभी ना रुकने पाए, समाज के हर अंतिम व्यक्ति तक, यह संबल और प्रेम पहुँचाए। जय हो उस हर हाथ की, जो सेवा के लिए आगे आता है, सच्चा राम भक्त वही है, जो इंसान में ईश्वर पाता है। आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और प्रसाद वितरण को सुचारु बनाए रखने में समिति के पदाधिकारियों, संरक्षकों और स्थानीय युवाओं ने सराहनीय भूमिका निभाई। संस्थापक पत्रकार अजीत सिंह, संरक्षक ओमप्रकाश सिंह, संकट मोचन झा, विजय शंकर, अमरदीप सिंह, अनिल गुप्ता, रीना राय, आशीष मिश्रा,दिलीप दत्त, सरिता सिंह, नरेंद्र गुप्ता, करण जोगले, छोटेलाल मिश्रा, दशरथ केसरी, आदित्य वर्मा, सुजीत सामरा, अरुण गुप्ता, करण जोगले, सत्येंद्र सिंह,विश्व हिंदू महासंघ किन्नर प्रकोष्ठ सोनभद्र जिलाध्यक्ष राधा नंद गिरी, एवं विश्व हिंदू महासंघ ओबरा नगर अध्यक्ष सर्वेश दुबे एवं सदस्य दीपक माली सहित भारी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं भक्तगण। सोनभद्र की पावन धरा जहाँ एक ओर भारत की प्राचीनतम प्राकृतिक विरासत को सहेजे हुए है, वहीं ओबरा में आयोजित यह निरंतर धार्मिक कार्य समाज में समरसता, भ्रातृत्व और निस्वार्थ सेवा भाव की एक नई मिसाल कायम कर रहा है।









