‘साथ-साथ’ कार्यक्रम से जुड़े सात परिवार, परिवार परामर्श केंद्र में हुआ सफल सुलह-समझौता

पूर्वा टाइम्स -अनूप उपाध्याय
संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार मीना के निर्देशन में मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत संचालित ‘साथ-साथ’ कार्यक्रम (टूटते परिवार को जोड़ने की एक पहल) के तहत रविवार को पिंक बूथ परिवार परामर्श केंद्र, सर्किल धनघटा में पारिवारिक विवादों से जुड़े सात मामलों का सफलतापूर्वक निस्तारण कराया गया।
पिंक बूथ प्रभारी महिला उपनिरीक्षक अंजली सरोज, सहायक प्रभारी उपनिरीक्षक तूफानी सिंह यादव, महिला कांस्टेबल पूजा गौतम एवं पिंकी कुमारी की अध्यक्षता में आयोजित परिवार परामर्श सत्र में दोनों पक्षों को धैर्यपूर्वक समझाया गया। इसके बाद सभी मामलों में आपसी सहमति से सुलह-समझौता कराया गया और परिवारों को पुनः साथ रहने के लिए प्रेरित किया गया।
परामर्श केंद्र में आए अधिकांश मामलों में पति-पत्नी एवं पारिवारिक सदस्यों के बीच मतभेद के कारण रिश्ते टूटने की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। पुलिस टीम द्वारा दोनों पक्षों को आपसी संवाद, समझदारी और पारिवारिक मूल्यों का महत्व समझाते हुए विवादों को समाप्त करने का प्रयास किया गया। सकारात्मक पहल के परिणामस्वरूप सभी सात मामलों में दोनों पक्ष खुशी-खुशी साथ रहने के लिए तैयार हो गए।
पुलिस विभाग द्वारा चलाया जा रहा ‘साथ-साथ’ कार्यक्रम टूटते परिवारों को जोड़ने और पारिवारिक रिश्तों को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। कार्यक्रम के माध्यम से न केवल पारिवारिक विवादों का शांतिपूर्ण समाधान हो रहा है, बल्कि समाज में सौहार्द और पारिवारिक एकता को भी बढ़ावा मिल रहा है।
धनघटा परिवार परामर्श केंद्र की इस पहल को स्थानीय लोगों ने सराहनीय बताते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से परिवारों को बिखरने से बचाने में मदद मिल रही है तथा आपसी संवाद के माध्यम से समस्याओं का समाधान निकल रहा है।








