विधानसभा निर्वाचन की तैयारियों को लेकर मतदेय स्थलों पर सुनिश्चित न्यूनतम सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश

रैम्प, पेयजल, विद्युत, फर्नीचर, शौचालय, शेड एवं उचित साइनेज की व्यवस्था होगी सुनिश्चित

सुनिश्चित न्यूनतम सुविधाओं की व्यवस्था में शिथिलता नहीं होगी क्षम्य, समयबद्ध कार्य पूर्ण कर प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश

पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो
सोनभद्र -जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी, सोनभद्र चर्चित गौड़ ने अवगत कराया कि आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन के दृष्टिगत जनपद के समस्त प्रस्तावित मतदेय स्थलों पर सुनिश्चित न्यूनतम सुविधाएं उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में प्रत्येक मतदेय स्थल पर दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए रैम्प, पीने का पानी, पर्याप्त विद्युत व्यवस्था, पर्याप्त फर्नीचर, शौचालय, शेड तथा उचित साइनेज आदि की व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराई जानी हैं। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रस्तावित समस्त मतदेय स्थलों पर सुनिश्चित न्यूनतम सुविधाएं उपलब्ध कराने में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को उनके विभागीय दायित्व के अनुसार कार्य सौंपे गए हैं, जिसका विवरण निम्नवत है— रैम्प की व्यवस्था: आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन हेतु जनपद में अवस्थित समस्त विधानसभाओं के प्रस्तावित मतदेय स्थलों पर दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा हेतु रैम्प की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी जिला विद्यालय निरीक्षक, सोनभद्र एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, सोनभद्र की होगी। पेयजल की व्यवस्था समस्त प्रस्तावित मतदेय स्थलों पर ग्रामीण क्षेत्र में जिला पंचायत राज अधिकारी तथा शहरी क्षेत्र में संबंधित अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद/नगर पंचायत, सोनभद्र द्वारा पीने के पानी की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाएगी।
पर्याप्त विद्युत व्यवस्था प्रस्तावित समस्त मतदेय स्थलों पर पर्याप्त विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी अधिशासी अभियंता विद्युत, खंड राबर्ट्सगंज एवं अधिशासी अभियंता विद्युत, खंड पिपरी की होगी।
पर्याप्त फर्नीचर की व्यवस्था समस्त प्रस्तावित मतदेय स्थलों पर पर्याप्त फर्नीचर की व्यवस्था जिला विद्यालय निरीक्षक, सोनभद्र एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, सोनभद्र द्वारा सुनिश्चित कराई जाएगी।
शौचालय की व्यवस्था ग्रामीण क्षेत्र के प्रस्तावित मतदेय स्थलों पर जिला पंचायत राज अधिकारी तथा शहरी क्षेत्र में संबंधित अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद/नगर पंचायत, सोनभद्र द्वारा शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाएगी।
शेड की व्यवस्था समस्त प्रस्तावित मतदेय स्थलों पर शेड की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी जिला विद्यालय निरीक्षक, सोनभद्र एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, सोनभद्र की होगी।
उचित साइनेज की व्यवस्था समस्त प्रस्तावित मतदेय स्थलों पर उचित साइनेज की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए समस्त उप जिलाधिकारियों, सोनभद्र को निर्देशित किया गया है।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि उपरोक्त सभी अधिकारी अपने-अपने आवंटित कार्य को ससमय पूर्ण कराने हेतु उत्तरदायी होंगे। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी। सभी संबंधित अधिकारी कार्य पूर्ण कराने का प्रमाण-पत्र निर्धारित समय के भीतर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा जनपद के प्रस्तावित समस्त मतदेय स्थलों पर सुनिश्चित न्यूनतम सुविधाओं की उपलब्धता का स्थलीय निरीक्षण भी किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप मतदेय स्थलों पर सभी आवश्यक सुविधाएं प्रत्येक दशा में सुनिश्चित की जाएं, ताकि मतदान के दौरान मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *