गांधी-शास्त्री जयंती पर पूर्व माध्यमिक विद्यालय पट्टी धर्मदास में गूंजा सत्य, अहिंसा और सादगी का संदेश

पूर्वा टाइम्स -बेचन शर्मा

सहजनवा गोरखपुर।पाली ब्लॉक अंतर्गत क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय पट्टी धर्मदास में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती गुरुवार को हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर में दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई। इस दौरान विद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उनके जीवन, संघर्ष तथा देश के प्रति योगदान को याद किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य मनीराम यादव ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के विचारों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गांधी जी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए देश को स्वतंत्रता आंदोलन में नई दिशा दी। उनके विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणादायक हैं।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन और देशसेवा को भी याद किया गया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को शास्त्री जी के प्रसिद्ध नारे ‘जय जवान, जय किसान’ के महत्व के बारे में बताया और देश के किसानों तथा जवानों के योगदान को समझाया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेते हुए अनुशासन, ईमानदारी, स्वच्छता और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में मारिया कैश, श्री प्रसाद यादव, हरिराम शुक्ला, वीरू कुमार, कृष्णा नाऊ सहित विद्यालय के शिक्षक एवं अन्य लोग मौजूद रहे। अंत में सभी ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *