समूह की महिलाओं के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने हेतु बनेगी व्यापक कार्ययोजना-जिलाधिकारी

स्वयं सहायता समूहों से अधिकाधिक महिलाओं को जोड़कर बढ़ाए जाएंगे रोजगार के अवसर

उत्पादों की बिक्री एवं कच्चे माल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र -जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से सीधा संवाद स्थापित कर उनके द्वारा तैयार किए जा रहे विभिन्न उत्पादों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्राप्त की। इस दौरान महिलाओं ने सोया मिल्क, पनीर, बकरी के दूध से निर्मित साबुन सहित अन्य उत्पादों के निर्माण एवं विपणन की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने कहा कि समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों की समयबद्ध एवं बेहतर विपणन व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें उनके उत्पादों का उचित मूल्य प्राप्त हो सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि उत्पाद निर्माण में प्रयुक्त होने वाली आवश्यक सामग्री की उपलब्धता भी समय से सुनिश्चित की जाए, जिससे उत्पादन कार्य प्रभावित न हो। उन्होंने डीसी एनआरएलएम को निर्देश दिए कि समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों के विपणन, ब्रांडिंग एवं बाजार विस्तार के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की जाए। साथ ही जनपद की अधिक से अधिक महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर स्वरोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों में सहभागिता बढ़ाने के प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि समूह आधारित आजीविका गतिविधियों से महिलाओं की आय में वृद्धि होगी तथा उनके जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार आएगा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, डी0सी0 एनआरएलएम सरिता सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *