केंद्र सरकार के गौरवपूर्ण 12 वर्ष पूर्ण होने पर जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान की तैयारियों की समीक्षा

05 जून से 21 जून तक जनपद में आयोजित होंगे विभिन्न जनहितकारी कार्यक्रम, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को वितरित किए गए स्मार्ट मोबाइल फोन
पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र -केंद्र सरकार के सफल एवं जनसेवा को समर्पित 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आगामी 05 जून से 21 जून, 2026 तक आयोजित होने वाले समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान की तैयारियों के संबंध में जनपद के उत्तर प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग विभाग के प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के सफल, प्रभावी एवं व्यापक क्रियान्वयन को लेकर विभिन्न विभागों की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने विगत 12 वर्षों में गरीब कल्याण, किसान हित, महिला सशक्तिकरण, युवा विकास, आधारभूत संरचना, सामाजिक सुरक्षा एवं सुशासन के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किए हैं। इन उपलब्धियों एवं जनहितकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रमों, जनसंवादों, विकास प्रदर्शनी, लाभार्थी संपर्क कार्यक्रमों, स्वच्छता गतिविधियों, पौधरोपण कार्यक्रमों एवं जागरूकता अभियानों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए।
बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री द्वारा जनपद की पांच आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को डिजिटल सशक्तिकरण के उद्देश्य से स्मार्ट मोबाइल फोन वितरित किए गए। इन मोबाइल फोनों के माध्यम से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां पोषण ट्रैकर ऐप एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना ऐप पर कार्य करते हुए लाभार्थियों तक योजनाओं का प्रभावी लाभ पहुंचा सकेंगी। प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार आंगनबाड़ी केंद्रों को आधुनिक, तकनीक-सक्षम एवं अधिक प्रभावी बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। डिजिटल उपकरणों के माध्यम से विभागीय योजनाओं की निगरानी एवं क्रियान्वयन में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित होगी, जिससे महिलाओं एवं बच्चों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। इस संबंध में जिला कार्यक्रम अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद को निदेशालय स्तर से कुल 2099 स्मार्ट मोबाइल फोन प्राप्त हुए हैं। इनका वितरण सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं मुख्य सेविकाओं को चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। मोबाइल फोन उपलब्ध होने से विभागीय योजनाओं के संचालन में तकनीकी दक्षता बढ़ेगी तथा लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से प्राप्त हो सकेगा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि जनपद में अभियान को पूरी गंभीरता एवं प्रभावी रणनीति के साथ संचालित किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए समन्वित रूप से कार्य करें। जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान के माध्यम से आमजन को विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ लाभार्थियों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का समाधान भी सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ब्लॉक स्तर तक कार्यक्रमों का सफल आयोजन कर अभियान को जन-जन से जोड़ने का कार्य करें। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा अभियान के अंतर्गत प्रस्तावित कार्यक्रमों एवं तैयारियों की जानकारी प्रस्तुत की गई। समीक्षा के दौरान जनपद स्तर से लेकर ग्राम स्तर तक अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सदर विधायक भूपेश चौबे, घोरावल विधायक डॉ0 अनिल कुमार मौर्य, अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती राधिका पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष नन्दलाल गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख रॉबर्ट्सगंज अजीत रावत, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 वागीश कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगें रोहित यादव जिला विकास अधिकारी हेमन्त कुमार सिंह अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *