आरसेटी प्रशिक्षण का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ें : डीएम

डीएम के निर्देश—प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी पात्र लोगों तक समय से पहुंचाना सुनिश्चित करे

31 बैच में 1000 प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य, अब तक 228 प्रशिक्षित

पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो

सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय आरसेटी सलाहकार समिति (DLRAC) की वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रथम बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में आरसेटी की प्रगति, प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में निदेशक आरसेटी द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रगति से जिलाधिकारी एवं समिति के सदस्यों को अवगत कराया गया। बताया गया कि वित्तीय वर्ष में 31 बैच के माध्यम से कुल 1000 प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण दिए जाने का लक्ष्य निर्धारित है, जिसके सापेक्ष 22 जून 2026 तक 9 बैच के माध्यम से 228 प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षित किया जा चुका है।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने निर्देशित किया कि आरसेटी द्वारा संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र युवा एवं इच्छुक व्यक्ति प्रशिक्षण का लाभ लेकर रोजगार एवं स्वरोजगार से जुड़ सकें। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी गांव-गांव एवं पात्र लाभार्थियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाए।
जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में संबंधित विभागों को आरसेटी के प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी समय से उपलब्ध कराने तथा पात्र व्यक्तियों को प्रशिक्षण से जोड़ने के लिए समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले लाभार्थियों को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए बैंक एवं संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि सभी प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं गतिविधियों के शुभारंभ की सूचना संबंधित अधिकारियों एवं विभागों को समय से उपलब्ध कराई जाए, जिससे पात्र लोगों को समय रहते जानकारी मिल सके और वे प्रशिक्षण का लाभ उठा सकें। उन्होंने कार्य में किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरतने के निर्देश दिए।
बैठक में आरसेटी निदेशक द्वारा उपस्थित विभागाध्यक्षों को संस्थान की मूल अवधारणा, उद्देश्य एवं कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई। साथ ही आरसेटी से प्रशिक्षित प्रशिक्षणार्थियों द्वारा ऋण हेतु प्रस्तुत किए जाने वाले ऑनलाइन एवं ऑफलाइन आवेदन पत्रों पर बैंकों से पात्र लाभार्थियों को नियमानुसार ऋण स्वीकृत एवं वितरित किए जाने के संबंध में भी अवगत कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *