स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के सशक्तिकरण हेतु जिलाधिकारी की अभिनव पहल
सीएसआर एवं डीएमएफ फंड के सहयोग से स्थापित होंगी नई उत्पादन इकाइयां, बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र -जनपद में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण तथा उनके जीवन स्तर में सुधार के उद्देश्य से जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की पहल पर सीएसआर एवं डीएमएफ फंड एवं विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से अनेक उत्पादन एवं प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना की जाएगी। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराना, स्वरोजगार को बढ़ावा देना तथा उनकी आय में वृद्धि सुनिश्चित करना है।
प्रस्तावित इकाइयों में ऑटोमेटिक सोयाबीन रिफाइंड तेल प्लांट, टमाटर एवं मिर्च केचप उत्पादन प्लांट, सोया मिल्क, पनीर एवं टोफू उत्पादन इकाई, मिलेट्स कुकीज उत्पादन इकाई, बटन मशरूम उत्पादन केंद्र, चिरौंजी प्रसंस्करण इकाई, जूट बैग एवं रेडीमेड वस्त्र निर्माण इकाई, गोट मिल्क एवं हर्बल साबुन निर्माण इकाई, मसाला प्रसंस्करण इकाई, फ्लोर मिल, अरहर दाल प्रोसेसिंग प्लांट तथा मिनी धान मिल की स्थापना शामिल है। जिलाधिकारी ने कहा कि इन इकाइयों के स्थापित होने से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। साथ ही जनपद में मूल्य संवर्धन आधारित उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता सुनिश्चित होगी।
यह पहल जनपद में महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण विकास एवं स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।









