गीडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चोरी की दो बाइक के साथ युवक गिरफ्तार, ऐसे खुला राज

पूर्वा टाइम्स समाचार

गोरखपुर में वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के बीच थाना गीडा पुलिस को अहम सफलता मिली है। पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। पकड़ा गया आरोपी सुग्रीव साहनी बताया जा रहा है, जो रामगढ़ताल क्षेत्र के फलमंडी का निवासी है।पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। थाना गीडा प्रभारी निरीक्षक अश्वनी पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एकला बांधा के पास घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी की दो बाइक बरामद हुईं।दरअसल, अप्रैल माह में नौसड़ स्थित एक समारोह में शामिल होने गए हृदयानंद निषाद की हीरो स्प्लेंडर प्रो बाइक चोरी हो गई थी। पीड़ित ने यूपी कॉप ऐप के जरिए ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर थाना गीडा में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू हुई।सुरागरसी और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। गिरफ्तारी और बरामदगी के बाद मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोत्तरी की गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी का अब तक कोई बड़ा आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है।कार्रवाई में उपनिरीक्षक अंजय कुमार सिंह, उपनिरीक्षक संजय कुमार, कांस्टेबल लवकुश और कांस्टेबल अनील यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *