सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क स्थापना को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठकपूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र -जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट के जन सुनवाई कक्ष में जनपद में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सी०जी०डी०) नेटवर्क की स्थापना एवं गेल कंपनी द्वारा संचालित वितरण योजना के सुचारू क्रियान्वयन तथा प्रभावी संचालन के संबंध में जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं गेल कंपनी के प्रतिनिधियों से जनपद में गैस पाइपलाइन नेटवर्क विस्तार, घरेलू गैस कनेक्शन, औद्योगिक एवं व्यावसायिक उपयोग हेतु गैस आपूर्ति व्यवस्था सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देशित किया कि योजना के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा निर्धारित समयावधि में कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन योजना से आमजन को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुगम ईंधन उपलब्ध होगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ लोगों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि गैस पाइपलाइन बिछाने एवं अन्य कार्यों में आपसी समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक अनुमतियों एवं प्रक्रियाओं को शीघ्र पूर्ण कराया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला पूर्ति अधिकारी धु्रव गुप्ता संबंधित विभागों के अधिकारीगण एवं गेल कंपनी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *