सोनभद्र में ऑपरेशन ऑल आउट” के तहत पूरी रात चला सघन चेकिंग अभियान.

पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र -देर रात्रि में जनपद सोनभद्र में ऑपरेशन “ऑल आउट” के तहत सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा द्वारा स्वयं मौके पर पहुंचकर अभियान का निरीक्षण किया गया, जिससे पुलिस टीमों में सक्रियता और बढ़ी। इस अभियान में अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन), सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी एवं हल्का प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ मुस्तैदी से तैनात रहे। पूरी रात चले इस अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच की गई। चेकिंग के दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए ब्रीथ एनालाइजर से जांच की गई और नियमों का उल्लंघन करने वालों को चेतावनी दी गई। पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान लगातार जारी रखें, ताकि जनपद में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके और आमजन को सुरक्षित वातावरण मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *