हमारी कीर्ति’ अभियान का शुभारंभ, दशहरा-दीपावली पर कीर्ति और गौरी के लिए सहयोग को आगे आएं जनपदवासी-आरुषी मिश्रा
कीर्ति और गौरी के लिए सहयोग की अपील
प्रेरणा समूह की महिलाओं के ‘सोन अर्थ’ उत्पादों को प्रदेश एवं देश के बाजार तक पहुंचाने की पहल
पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो
सोनभद्र -आकांक्षा समिति की बैठक आज सर्किट हाउस सभागार में आकांक्षा समिति की अध्यक्ष आरुषी मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस दौरान ‘हमारी कीर्ति’ अभियान का शुभारंभ किया गया। बैठक में बाल संरक्षण, बच्चियों के सहयोग, महिला सशक्तिकरण तथा प्रेरणा समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। अभियान के शुभारंभ के अवसर पर अध्यक्ष आरुषी मिश्रा ने कहा कि वन स्टॉप सेंटर के साथ संचालित दत्तक ग्रहण इकाई में आवासित बच्चियों कीर्ति और गौरी के लिए दशहरा एवं दीपावली के शुभ अवसर पर हमारी कीर्ति अभियान के अन्तर्गत जनपदवासी स्वेच्छा से सहयोग कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति बच्चियों के लिए अपनी इच्छानुसार कोई सामग्री अथवा दान के रूप में सहयोग देना चाहते हैं, हमारी कीर्ति अभियान पहल से जुड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग एवं अपनत्व से बच्चियों के जीवन में खुशियां लाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि दत्तक ग्रहण इकाई में आवासित बच्चों को गोद लेने की प्रक्रिया के संबंध में इच्छुक व्यक्ति वन स्टॉप सेन्टर केन्द्र प्रशासक के मोबाइल नंबर 8318359154 पर संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। अध्यक्ष ने कहा कि जनपद में प्रेरणा समूह की महिलाओं द्वारा ‘सोन अर्थ’ नाम से तैयार किए जा रहे उत्पादों को बाजार में व्यापक स्तर पर प्रमोट करने के लिए आकांक्षा समिति द्वारा भी कार्य किया जाएगा। इन उत्पादों की ब्रांडिंग एवं प्रचार-प्रसार के माध्यम से उन्हें प्रदेश एवं देश के बड़े बाजारों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा, जिससे उत्पादों की बिक्री बढ़े और समूह की महिलाओं को उनके परिश्रम का बेहतर लाभ प्राप्त हो सके।
उन्होंने कहा कि महिला समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे स्थानीय उत्पादों को नई पहचान दिलाने के साथ महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना आकांक्षा समिति की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए उत्पादों की गुणवत्ता, ब्रांडिंग, प्रचार-प्रसार और बाजार से जुड़ाव पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ‘हमारी कीर्ति’ अभियान के माध्यम से बाल संरक्षण एवं सामाजिक सहभागिता के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ जनपद में सामाजिक सरोकारों से जुड़े अन्य जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में आकांक्षा समिति की सदस्य उप जिलाधिकारी मुख्यालय आकांक्षा गौतम, डॉ. दीप्ति सिंह, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी विद्या शुक्ला सहित अन्य संबंधित सदस्य एवं प्रोबेशन अधिकारी इंद्रावती उपस्थित रहीं।

