सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत श्रमिक स्वास्थ्य सम्मान शिविर में सैकड़ों श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण

जिलाधिकारी के निर्देशन एवं उप श्रमायुक्त के मार्गदर्शन में श्रमिकों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ

स्वास्थ्य परीक्षण के साथ श्रमिकों को कल्याणकारी योजनाओं के प्रति किया गया जागरूक

पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो

सोनभद्र, 08 अक्टूबर 2026। जिलाधिकारी के निर्देशन एवं उप श्रमायुक्त, मिर्जापुर क्षेत्र, पिपरी-सोनभद्र के मार्गदर्शन में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत श्रमिकों के स्वास्थ्य संरक्षण एवं कल्याण के उद्देश्य से श्रम विभाग, सोनभद्र द्वारा श्रमिक स्वास्थ्य सम्मान शिविर अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में आज दिनांक 08 अक्टूबर 2026 को अनपरा स्थित मेघा इंजीनियरिंग एण्ड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में चिकित्सकों द्वारा सैकड़ों श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकतानुसार निःशुल्क औषधियों का वितरण किया गया।
उप श्रमायुक्त ने अवगत कराया कि श्रमिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से श्रम विभाग द्वारा इससे पूर्व भी विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए हैं। दिनांक 06 अक्टूबर 2026 को अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री तथा 07 अक्टूबर 2026 को ग्रासिम इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड में श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं निःशुल्क औषधि वितरण किया गया। इसी क्रम में माह सितम्बर में दिनांक 24 सितम्बर को रेनूसागर पावर प्लांट, 25 सितम्बर को हिंडाल्को इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड, 26 सितम्बर को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, दुद्धी तथा 27 सितम्बर को प्रसाद कुंवर हॉस्पिटल, दुद्धी में भी स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर श्रमिकों का चिकित्सकीय परीक्षण एवं निःशुल्क औषधि वितरण किया गया।
उप श्रमायुक्त ने बताया कि श्रम विभाग, सोनभद्र द्वारा दिनांक 24 से 27 सितम्बर 2026 तथा 06 से 08 अक्टूबर 2026 तक जनपद के विभिन्न लेबर अड्डों एवं निर्माण स्थलों पर विशेष जन-जागरूकता अभियान भी संचालित किया गया। अभियान के दौरान उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अन्तर्गत निर्माण श्रमिकों के पंजीयन एवं नवीनीकरण के साथ-साथ बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न श्रमिक हितकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई तथा पात्र श्रमिकों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए जागरूक किया गया।
उप श्रमायुक्त ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से श्रमिकों को स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ने, सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने तथा शासन एवं उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ पात्र श्रमिकों तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य श्रमिकों में स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने के साथ उनके कल्याण एवं जीवन स्तर में सुधार सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *