मिशन शक्ति की संवेदनशील पहल—वन स्टॉप सेंटर की नवजात बालिका को मिली नई पहचान

पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र -मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और संरक्षण को लेकर जिला प्रशासन द्वारा निरंतर संवेदनशील पहल की जा रही है। इसी क्रम में वन स्टॉप सेंटर पर संरक्षण प्राप्त कर रही एक नवजात बालिका के लिए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने मानवीय संवेदनशीलता की अनूठी मिसाल पेश की।
वन स्टॉप सेंटर पर एक ऐसी नवजात बालिका को संरक्षण दिया जा रहा है, जिसकी पहचान से जुड़ी कोई जानकारी उपलब्ध नहीं थी। दुनिया में कदम रखने के साथ ही जिस मासूम को अपने नाम और पहचान का इंतजार था, उसके जीवन में उस समय भावुक पल आया, जब जिलाधिकारी स्वयं वन स्टॉप सेंटर पहुंचे और बालिका को स्नेहपूर्वक गोद में लेकर उसके स्वास्थ्य एवं देखभाल की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने बालिका को दुलारते हुए उसका नाम ‘कीर्ति’ रखा। नामकरण के इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रत्येक बेटी अपने आप में अनमोल है। किसी भी परिस्थिति में जन्म लेने वाली बालिका को सम्मान, सुरक्षा, संरक्षण और बेहतर भविष्य का अधिकार मिलना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *