दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना की संशोधित समय-सारिणी जारी
छात्रवृत्ति योजना: नवीनीकरण आवेदन 15 अक्टूबर तक, संस्थानों को सत्यापन के लिए निर्धारित हुई समय-सीमा
दशमोत्तर छात्रवृत्ति के आवेदन की तिथियां संशोधित, 31 अक्टूबर तक कर सकेंगे नवीन छात्र आवेदन।
पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र, दिनांक 24 सितम्बर, 2026। निदेशक, पिछड़ा वर्ग कल्याण, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के माध्यम से वित्तीय वर्ष 2026-27 में दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनान्तर्गत उच्च कक्षाओं में अध्ययनरत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, सामान्य वर्ग, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वर्ग के छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति भुगतान हेतु संशोधित समय-सारिणी जारी की गई है।
संशोधित समय-सारिणी के अनुसार शिक्षण संस्थानों द्वारा मास्टर डाटा तैयार करने की कार्यवाही 26 सितम्बर 2026 तक तथा विश्वविद्यालय/एफिलिएटिंग एजेन्सी द्वारा फीस आदि का सत्यापन 27 सितम्बर 2026 तक किया जाएगा। छात्र-छात्राओं द्वारा नवीनीकरण आवेदन ऑनलाइन करने एवं हार्डकॉपी संस्थान में जमा करने की अवधि 15 सितम्बर से 15 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित है।
नवीन छात्र-छात्राओं द्वारा ऑनलाइन आवेदन 15 सितम्बर से 31 अक्टूबर 2026 तक किया जा सकेगा। शिक्षण संस्थान द्वारा नवीन एवं नवीनीकरण आवेदनों का ऑनलाइन सत्यापन एवं अग्रसारण निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार किया जाएगा। विश्वविद्यालय/एफिलिएटिंग एजेन्सी द्वारा नवीन छात्रों का सत्यापन तथा अपात्र छात्र, पाठ्यक्रम एवं संस्था को ब्लॉक करने की कार्यवाही 25 नवम्बर 2026 तक पूरी की जाएगी।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा छात्र-छात्राओं एवं संबंधित शिक्षण संस्थानों से अपील की गई है कि निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखते हुए छात्रवृत्ति से संबंधित सभी कार्यवाहियां समय से पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।

