लहसुन-प्याज की खेती से समृद्ध होंगे सोनभद्र के किसान
200 हेक्टेयर में खेती का लक्ष्य, योगी सरकार किसानों को देगी 40 प्रतिशत अनुदान
पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो
सोनभद्र। किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में योगी सरकार की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में किसानों को लहसुन और प्याज की खेती के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। एकीकृत बागवानी मिशन के मसाला क्षेत्र विस्तार कार्यक्रम के तहत किसानों को खेती की लागत पर 40 प्रतिशत तक अनुदान देने की व्यवस्था की गई है। योजना के माध्यम से सोनभद्र में 200 हेक्टेयर क्षेत्रफल में लहसुन और प्याज की खेती कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
जिला उद्यान अधिकारी मेवाराम ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिले में 100 हेक्टेयर क्षेत्रफल में प्याज तथा 100 हेक्टेयर में लहसुन की खेती कराई जाएगी। योजना के तहत दोनों फसलों की खेती के लिए प्रति हेक्टेयर निर्धारित लागत 50 हजार रुपये है। इस पर 40 प्रतिशत की दर से किसानों को 20 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर का अनुदान दिया जाएगा। इससे किसानों को खेती की शुरुआती लागत कम करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि किसानों को बेहतर उत्पादन के लिए उच्च गुणवत्ता वाले प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था की गई है। इसके लिए विभाग द्वारा राष्ट्रीय बागवानी अनुसंधान एवं विकास प्रतिष्ठान (एनएचआरडीएफ) के माध्यम से उच्च किस्म के लहसुन और प्याज के प्रमाणित बीज किसानों को उपलब्ध कराए जाएंगे। गुणवत्तापूर्ण बीज मिलने से फसल की उत्पादकता और गुणवत्ता में सुधार की उम्मीद है।
जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि योजना का लाभ किसानों को प्रथम आवक, प्रथम पावक के आधार पर दिया जाएगा। ऐसे में इच्छुक किसान समय रहते आवेदन कर योजना का लाभ उठा सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन रखी गई है। किसानों को इसके लिए उद्यान विभाग की डीबीटी वेबसाइट पर पंजीकरण कर आवेदन करना होगा।

