60 वर्ष की महिलाओं के लिए निशुल्क बस यात्रा की सौगात, महिलाओं ने जताया सरकार का आभार.पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र -लोकमाता अहिल्याबाई के त्याग, सेवा, सुशासन और नारी शक्ति के सम्मान की विरासत को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को विकास भवन स्थित पंचायत रिसोर्स सेंटर में लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया, जिसे सुनकर महिलाओं में उत्साह देखने को मिला। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई का जीवन नारी शक्ति, सेवा, सुशासन और जनकल्याण की प्रेरणा देता है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान महिलाओं से जुड़ी विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों के साथ रक्षाबंधन पर्व पर मिलने वाली सुविधाओं के बारे में भी बताया गया। उन्होंने बताया कि 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा दी गई है। इसके अलावा रक्षाबंधन के अवसर पर तीन दिनों तक सभी महिलाओं को निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि पात्र महिलाओं को निर्धारित नियमों के तहत इस सुविधा का लाभ मिलेगा। डीएम ने कहा कि गांव-गांव चौपाल सहित विभिन्न माध्यमों से महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। जिलाधिकारी ने बताया कि रक्षाबंधन को लेकर प्रशासन ने पहले ही बैठक कर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। बाहर से आने वाली महिलाओं और श्रद्धालुओं के आवागमन को देखते हुए व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि किसी को परेशानी न हो और महिलाएं सुरक्षित एवं सुगमता से त्योहार मना सकें। उन्होंने कहा कि सोनभद्र में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों को विश्व स्तरीय पहचान दिलाने के लिए ब्रांडिंग, आकर्षक पैकेजिंग और बेहतर मार्केटिंग की जाएगी। इससे उत्पादों का बाजार बढ़ेगा और महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनेंगी। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने 501 महिलाओं को मिठाई और साड़ी वितरित की। लोहार निवासी 60 वर्षीय मुन्नी देवी ने कहा कि सरकार ने गरीब और जरूरतमंद महिलाओं को बड़ी राहत दी है। अब बस यात्रा के लिए किराया नहीं देना पड़ेगा। उन्होंने सरकार का धन्यवाद किया। राबर्ट्सगंज न्यू कॉलोनी निवासी शकुंतला सिंह ने कहा कि 60 वर्ष की महिलाओं को निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलना खुशी की बात है। अब कहीं आने-जाने के लिए बच्चों से पैसे मांगने की जरूरत नहीं पड़ेगी। आसन भरुहा ग्राम पंचायत निवासी अनीता ने कहा कि मोदी और योगी सरकार ने महिलाओं के लिए बहुत अच्छी सुविधा दी है। अब कहीं आने-जाने के लिए किसी का सहारा लेने या पैसे मांगने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्होंने इसे महिलाओं के लिए बड़ी सौगात बताया। इंद्रावती देवी ने कहा कि अब मायके, रिश्तेदारी या बहन के घर जाने के लिए बस किराए की चिंता नहीं रहेगी। महिलाएं आसानी से सफर कर सकेंगी। उन्होंने सरकार का तहेदिल से आभार जताया। इस अवसर पर एडीएम वागीश शुक्ला, एसडीएम आशीष त्रिपाठी, डीडीओ हेमंत सिंह, डीपीआरओ नमिता शरण, अपर सूचना अधिकारी विनय सिंह, डीपीओ विनीत सिंह, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष पुष्पा सिंह समेत अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *