मानक के विपरीत निर्माण पर SDM की कार्रवाई, घटिया सामग्री मिली तो रुकवाया काम.पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र -नगर पंचायत डाला के वार्ड नंबर-6 में निर्माण कार्य की गुणवत्ता में कमी मिलने पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए काम रुकवा दिया। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) बागीश कुमार शुक्ला के निर्देश पर उप जिलाधिकारी जफर अहमद ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। जांच के दौरान निर्माण में निर्धारित मानकों की अनदेखी सामने आई। निरीक्षण के दौरान शिकायतकर्ता राजेश, जिनकी पत्नी सभासद हैं, की मौजूदगी में निर्माण कार्य की गुणवत्ता जांची गई। जांच में शिकायत सही पाई गई। सीसी रोड के किनारे बनाई जा रही साइड वाल की जुड़ाई में सीमेंट और बालू के स्थान पर भस्सी यानी गिट्टी की धूल का इस्तेमाल किया जा रहा था। इसके अलावा सीसी रोड की ढलाई की निर्धारित छह इंच ऊंचाई भी मौके पर कम पाई गई।
निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं मिलने पर एसडीएम ने तत्काल कार्य रुकवा दिया। उन्होंने संबंधित ठेकेदार को निर्धारित मानकों का अनुपालन नहीं करने के संबंध में नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
एसडीएम जफर अहमद ने नगर पंचायत डाला के अधिशासी अधिकारी अखिलेश सिंह और संबंधित अवर अभियंता ओम तिवारी को निर्देशित किया कि आगे का निर्माण कार्य उनकी प्रत्यक्ष देखरेख में कराया जाए। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण सामग्री का इस्तेमाल सुनिश्चित करने और निर्धारित तकनीकी मानकों का पूरी तरह पालन कराने के निर्देश दिए। प्रशासन की कार्रवाई से निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर जिम्मेदारों को स्पष्ट संदेश दिया गया है। अधिकारियों ने कहा कि सरकारी धन से होने वाले निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मानकों की अनदेखी मिलने पर संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *