स्वतंत्रता दिवस पर डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन सोनभद्र में गरिमापूर्ण संगोष्ठी का आयोजनपूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र 17 अगस्त 2026 स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन, सोनभद्र के डी बी ए सभागार में देश की स्वतंत्रता, लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान और राष्ट्र निर्माण के विषय पर एक गरिमापूर्ण संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह एडवोकेट ने की।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए पूर्व अध्यक्ष जगजीवन सिंह एडवोकेट ने स्वतंत्रता दिवस को केवल उत्सव का अवसर न मानकर देश के स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों को स्मरण करने तथा उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का दिवस बताया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और संघर्ष के कारण ही आज हम स्वतंत्र वातावरण में अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों का निर्वहन कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता का वास्तविक अर्थ तभी सार्थक होगा, जब समाज के प्रत्येक व्यक्ति को न्याय, समानता, सम्मान और अपने अधिकारों की प्राप्ति सुनिश्चित हो। अधिवक्ता समाज संविधान और विधि के प्रहरी के रूप में नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करने तथा न्याय व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
संगोष्ठी का संचालन करते हुए पूर्व उपाध्यक्ष पवन कुमार सिंह एडवोकेट ने कहा कि राष्ट्र की एकता, अखंडता, लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक मर्यादाओं की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने अधिवक्ताओं का आह्वान किया कि वे समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों को न्याय दिलाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित अधिवक्ताओं एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
संगोष्ठी में प्रदीप कुमार मौर्य, राजेश यादव, रमेश चंद्र सिंह, सुरेश सिंह कुशवाहा, टीटू प्रसाद गुप्ता, विमल प्रसाद सिंह,विनीत श्रीवास्तव,फूल सिंह पटेल, आदर्श देव पांडेय, रविंद्र पटेल, राकेश कुमार सिंह, अविनाश यादव आदि लोगों ने अपने विचार व्यक्त किया!


