हर पल अहम मासूम रेयांश की जिंदगी बचाने को उठी मदद की पुकार

SMA टाइप-1 से जूझ रहे चार माह के बच्चे के इलाज के लिए परिवार ने समाज व जनप्रतिनिधियों से की अपील
गोरखपुर। बांसगांव क्षेत्र के दुबौली गांव निवासी आलोक के चार माह के मासूम बेटे रेयांश की जिंदगी इस समय नाजुक दौर से गुजर रही है। बच्चे को स्पाइनल मस्कुलर एट्रोफी (SMA) टाइप-1 जैसी दुर्लभ और गंभीर बीमारी है, जिसके कारण उसकी मांसपेशियां लगातार कमजोर होती जा रही हैं। हालात यह हैं कि बच्चा अपने हाथ-पैर तक नहीं उठा पा रहा और किसी प्रकार की सामान्य गतिविधि करने में असमर्थ है।
गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान परिजनों ने बताया कि हर गुजरते दिन के साथ बच्चे की स्थिति बिगड़ती जा रही है और उसे तत्काल इलाज की आवश्यकता है। इस बीमारी के उपचार के लिए ‘जोल्जेन्स्मा’ नामक विशेष इंजेक्शन की जरूरत होती है, जिसकी कीमत अमेरिका में करीब 16 करोड़ रुपये है। हालांकि, एम्स के माध्यम से विशेष अनुरोध करने पर यह इंजेक्शन लगभग 10 करोड़ रुपये में उपलब्ध हो सकता है।
मासूम के पिता आलोक ने बताया कि जन्म के कुछ समय बाद ही बच्चे में असामान्य लक्षण दिखाई देने लगे थे। जांच के बाद डॉक्टरों ने SMA टाइप-1 की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि यह बीमारी तेजी से बच्चे की शारीरिक क्षमता को खत्म करती है, जिससे समय रहते इलाज न मिलने पर स्थिति और गंभीर हो सकती है।
प्रेस वार्ता के दौरान परिजनों ने आम जनता, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों और जनपदवासियों से आर्थिक सहयोग की भावुक अपील की। उनका कहना था कि इतनी बड़ी धनराशि जुटाना उनके लिए संभव नहीं है, लेकिन यदि समाज का सहयोग मिला तो उनके बच्चे की जान बचाई जा सकती है।
परिवार ने मुख्यमंत्री एवं बांसगांव के सांसद कमलेश पासवान सहित अन्य जनप्रतिनिधियों से भी मदद की गुहार लगाई है। परिजनों को उम्मीद है कि शासन-प्रशासन और समाज के सहयोग से उनके बच्चे को समय पर इलाज मिल सकेगा।
प्रेस क्लब के पदाधिकारियों और उपस्थित पत्रकारों ने भी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिक से अधिक लोगों तक यह संदेश पहुंचाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि समाज की भागीदारी से ही ऐसे मासूमों को नया जीवन मिल सकता है।
ज्ञात हो कि स्पाइनल मस्कुलर एट्रोफी (SMA) एक आनुवंशिक बीमारी है, जो शिशुओं के लिए बेहद खतरनाक मानी जाती है। समय पर इलाज न मिलने पर यह जानलेवा साबित हो सकती है। ऐसे में रेयांश के लिए हर पल महत्वपूर्ण है और समय रहते मदद ही उसकी जिंदगी बचा सकती है।








