आकाशीय विद्युत एवं भारी वर्षा की संभावना के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से सतर्क रहने की अपील की
पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र, दिनांक 04 अगस्त, 2026।
भारत मौसम विज्ञान विभाग, क्षेत्रीय मौसम केन्द्र, लखनऊ द्वारा जारी प्रभाव आधारित मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनी के अनुसार जनपद सोनभद्र में मेघगर्जन के साथ आकाशीय विद्युत (वज्रपात) तथा कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना व्यक्त की गई है। इसको दृष्टिगत रखते हुए जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, सोनभद्र ने जनपदवासियों से विशेष सतर्कता एवं सावधानी बरतने की अपील की है।
जिलाधिकारी ने कहा कि वर्षा ऋतु के दौरान आकाशीय विद्युत की घटनाएं अचानक घटित होती हैं, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। खराब मौसम, तेज गर्जना अथवा बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों, खेतों, पहाड़ियों, पेड़ों के नीचे, बिजली के खंभों तथा नदी, तालाब, झरनों एवं अन्य जलाशयों के आसपास जाने से बचें। यदि मौसम खराब हो तो तत्काल किसी सुरक्षित पक्के भवन में शरण लें।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि भारत सरकार द्वारा विकसित “सचेत (SACHET)” एवं भारत मौसम विज्ञान विभाग के “दामिनी (Damini)” मोबाइल ऐप को अपने मोबाइल फोन में अवश्य डाउनलोड करें।
‘सचेत (SACHET)’ ऐप के माध्यम से मौसम, भारी वर्षा, वज्रपात, बाढ़ एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं से संबंधित आधिकारिक चेतावनियां समय पर प्राप्त होती हैं, जिससे समय रहते आवश्यक सावधानी बरती जा सकती है।
‘दामिनी (Damini)’ ऐप विशेष रूप से आकाशीय विद्युत (वज्रपात) की पूर्व चेतावनी प्रदान करता है। यदि ऐप पर वज्रपात का अलर्ट प्राप्त हो तो इसे गंभीरता से लें, तुरंत खुले स्थान को छोड़कर सुरक्षित पक्के भवन के भीतर चले जाएं तथा पेड़ों, बिजली के खंभों, ऊंचे स्थानों एवं जल स्रोतों से दूर रहें। समय पर प्राप्त चेतावनी अनेक अमूल्य जीवन बचा सकती है।
जिलाधिकारी ने कहा कि “सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है। मौसम विभाग की समय पर प्राप्त चेतावनी का पालन कर जन-धन की हानि को काफी हद तक रोका जा सकता है।”
उन्होंने सभी ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों, राजस्व कर्मियों, ग्राम सचिवों, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा स्वयंसेवी संगठनों से भी अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों को सचेत एवं दामिनी ऐप डाउनलोड कराने के लिए प्रेरित करें तथा मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें।
जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अनुरोध किया है कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आपदा कंट्रोल रूम-1077 अथवा 05444-297645 पर सूचना दें तथा अफवाहों पर ध्यान न देकर केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें।
“सतर्क रहें, सुरक्षित रहें — आपकी सावधानी ही आपकी और आपके परिवार की सुरक्षा है।”








