जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने शिवद्वार मंदिर में कांवड़ यात्रा व्यवस्थाओं का किया स्थलीय निरीक्षण

श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा

शाहगंज बाजार में गंदगी पर जताई नाराजगी, संबंधित अधिकारियों को दिए तत्काल सुधार के निर्देश –

पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र -जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने आज शिवद्वार मंदिर पहुंचकर श्रावण मास में आने वाले कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कांवड़ियों के ठहरने की व्यवस्था, मंदिर परिसर एवं आसपास की साफ-सफाई, स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्थापित चिकित्सा शिविर तथा मेले में बनाए गए कंट्रोल रूम का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी तथा अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत घोरावल को निर्देशित किया कि श्रावण मास में श्रद्धालुओं की अधिक संख्या को देखते हुए शिवद्वार मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं प्रभावी ढंग से सुनिश्चित कराई जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने शाहगंज बाजार का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़कों पर गंदगी एवं कीचड़ पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी व अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को तत्काल सफाई एवं रोड के किनारे बन रहे नाले निर्माण में आवश्यक सुधारात्मक कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन मार्गों से कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं का आवागमन हो रहा है, वहां स्वच्छता एवं सुगम यातायात हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी घोरावल विशाल कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी नामित शरण, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग एस.के. सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *