पूर्वांचल पत्रकार एसोसिएशन की मासिक बैठक हुई संपन्न

संगठन की मजबूती पर दिया गया जोर
पूर्वा टाइम्स- जयप्रकाश यादव
गोरखपुर। पूर्वांचल पत्रकार एसोसिएशन की मासिक बैठक रविवार को कौड़ीराम स्थित अनंता बैंक्विट हॉल में आयोजित की गई। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, पत्रकारों की एकजुटता तथा सक्रिय सहभागिता पर विशेष चर्चा हुई। बैठक के मुख्य अतिथि पूर्वांचल पत्रकार एसोसिएशन आफ इंडिया के राष्ट्रीय महासचिव सुधाकर तिवारी रहे, जबकि अध्यक्षता तहसील अध्यक्ष संजय जायसवाल ने की। मुख्य अतिथि सुधाकर तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन को आगे बढ़ाने के लिए प्रत्येक सदस्य को ‘मैं’ की भावना छोड़कर ‘हम’ की भावना के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि केवल स्वयं को पत्रकार समझ लेने से कुछ नहीं होता। कई बार जब पत्रकार किसी कठिन परिस्थिति में फंसता है तो उसका संस्थान भी उससे किनारा कर लेता है। ऐसे समय में संगठन ही उसके साथ खड़ा होता है, इसलिए संगठन की मजबूती और एकता बेहद आवश्यक है। अध्यक्षीय संबोधन में तहसील अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कहा कि किसी भी संगठन की कमजोरी का सबसे बड़ा कारण सदस्यों की निष्क्रियता होती है। उन्होंने सभी सदस्यों से सक्रिय भूमिका निभाने और संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया। बैठक में विनोद गुप्ता, विपिन पांडेय, जयप्रकाश यादव, अरुण गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।








